थानेसर में आयोजित बैठक की प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया व हिमांशु अरोड़ा ने की अध्यक्षता
बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा–स्वास्थ्य मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का आह्वान
जनसंपर्क व सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय
कुरुक्षेत्र। थानेसर स्थित विश्वास नगर में हरियाणा युवा कांग्रेस की कुरुक्षेत्र ज़िला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया तथा हिमांशु अरोड़ा ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, स्थानीय जनसमस्याओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से युवाओं, किसानों, मजदूरों और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ युवा कांग्रेस जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करेगी।
हिमांशु अरोड़ा व कुलदीप ढिल्लों ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई तथा शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही हैं। ऐसे में युवा कांग्रेस को सड़क से लेकर सदन तक सक्रिय भूमिका निभानी होगी और जनता के हितों के लिए मजबूती से आवाज़ उठानी होगी।
बैठक के दौरान ज़िला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा। युवाओं को रोजगार के अवसर, छात्रों की शिक्षा संबंधी परेशानियां, ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों की धीमी गति और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इन विषयों पर गहन मंथन करते हुए समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाने पर सहमति बनी।
आगामी कार्यक्रमों को लेकर निर्णय लिया गया कि जिलेभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से आम जनता को सरकार की नीतियों से अवगत कराया जाएगा और उनकी समस्याओं को प्रमुख मंचों पर उठाया जाएगा। साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान और सामाजिक गतिविधियों को तेज करने का भी फैसला लिया गया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और मजबूत करने तथा जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। बैठक का समापन संगठनात्मक एकता और संघर्ष के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य रूप से हिमांशु अरोड़ा, कुलदीप ढिल्लों, गगन संधू, कुलदीप सैनी, बबलू, अंकुश, नवनीत, करण, सचिन, जसमेर, गुलाब सिंह चौहान और देवेंद्र वादाईच उपस्थित रहे।








