चंडीगढ़, 6 अक्तूबर – हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मंगलवार को विधान सभा सचिवालय के दिवंगत तीन कर्मचारियों के परिजनों को भारतीय स्टेट बैंक की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि के चेक भेंट किए। इस अवसर पर उन्होंने दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारी किसी भी संस्थान की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और उनके निधन से उनके परिवार को हुई क्षति अपूरणीय होती है। ऐसे कठिन समय में मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवार को कुछ संबल प्रदान करती है।

हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के हितों का ध्यान रखना संस्थान की जिम्मेदारी है। भारतीय स्टेट बैंक के साथ हुए एमओयू के तहत कर्मचारियों को मिलने वाली यह सुविधा उनके परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा विधान सभा सचिवालय और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए एमओयू के तहत कर्मचारियों के वेतन खाते भारतीय स्टेट बैंक में खोले जाते हैं। इस व्यवस्था के अंतर्गत कर्मचारी की प्राकृतिक मृत्यु होने पर 10 लाख रुपये तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर एक करोड़ रुपये की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है। इससे पहले 1 जुलाई 2026 तक प्राकृतिक मृत्यु के मामले में चार लाख रुपये की सहायता राशि का प्रावधान था।
मंगलवार को जिन दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए, उनकी मृत्यु 1 जुलाई 2026 से पूर्व प्राकृतिक कारणों से हुई थी। इसी के तहत उनके परिजनों को पूर्व निर्धारित चार लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के एजीएम नरेश कुमार मेहता, चंडीगढ़ के मुख्य प्रबंधक दीपक भट्ट, पंचकूला के मुख्य प्रबंधक रुद्र देव, शाखा प्रबंधक हिमांशु गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








