हर बूथ पर एक युवा को जोड़ेगी हरियाणा युवा कांग्रेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में निशित कटारिया ने की घोषणा, 26 नवंबर को पंचकूला में ‘संविधान बचाओ अभियान’ में शामिल होंगे कार्यकर्ता

गुरुग्राम। हरियाणा युवा कांग्रेस प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर एक युवा कार्यकर्ता को जोड़कर उसे संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशिक्षित करेगी। प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने गुरुग्राम में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ‘हर बूथ पर एक यूथ, यूथ बनेगा रक्षक’ अभियान जल्द शुरू होगा। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को पंचकूला में प्रस्तावित ‘संविधान बचाओ अभियान’ में प्रदेशभर से युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।

कटारिया ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस इन सवालों को उठाएगी। उन्होंने कहा कि बूथ पर कार्यकर्ता जोड़ने का मकसद गांवों तक युवाओं से सीधा संपर्क बनाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा प्रभारी सत्यवान गहलोत ने पदाधिकारियों से जिला, खंड और गांव स्तर पर मिलकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ युवाओं को रोजगार और शिक्षा से जुड़े अपने मुद्दे उठाने का अवसर मिलना चाहिए।

हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया अध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि संगठन रोजगार, शिक्षा और जनहित के सवालों को तथ्यों के साथ समाचार माध्यमों और सामाजिक माध्यमों पर उठाएगा। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों, सभी जिलाध्यक्षों और विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों ने संगठन के विस्तार और आगामी आंदोलनों पर चर्चा की।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें