सुबह 10 बजे होगी पूर्णाहुति, गौशाला अध्यक्ष पूरन यादव लोहचब ने श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की
गुरुग्राम, 22 नवंबर। कार्टरपुरी स्थित कामधेनु धाम गौशाला में चल रहे 108 कुंडीय वैदिक महायज्ञ की पूर्णाहुति 24 नवंबर को सुबह 10 बजे होगी। गौशाला के अध्यक्ष पूरन यादव लोहचब ने गुरुग्राम और आसपास के श्रद्धालुओं, गौभक्तों, महिलाओं, युवाओं तथा सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं को पूर्णाहुति में शामिल होने का आमंत्रण दिया है।
शीतला माता श्राइन बोर्ड के पूर्व सदस्य एवं कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी पं. अमर चन्द भारद्वाज ने बताया कि महायज्ञ देश में सुख-शांति, समृद्धि, जनकल्याण और विश्व मंगल की कामना से आयोजित किया जा रहा है। मथुरा, वृंदावन और काशी से आए विद्वान ब्राह्मण प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञकुंडों में आहुतियां दे रहे हैं।
पं. भारद्वाज ने कहा कि गौशाला में यज्ञ के साथ गौसेवा, गौसंरक्षण और जीवमात्र के कल्याण का भाव भी जुड़ता है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के तीसरे अध्याय के श्लोक ‘यज्ञाद्भवति पर्जन्यो यज्ञः कर्मसमुद्भवः’ का उल्लेख करते हुए यज्ञ, वर्षा और कर्म का संबंध समझाया। उन्होंने कहा कि गीता के सत्रहवें अध्याय में शास्त्रविधि के अनुसार निष्काम भाव से किए गए यज्ञ को सात्त्विक बताया गया है।
महायज्ञ में संगेल गौशाला के संचालक स्वामी प्रभाती लाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग सह-कार्यवाह संजीव, गौ सेवा गतिविधि के हरियाणा प्रांत सह-संयोजक अनिल, विभाग संयोजक रणबीर, मातृशक्ति की हरियाणा प्रांत संयोजिका डॉ. इंदु राव, गौभक्त ओ.पी. गोयल, बृज रस गौ सेवा समिति के अध्यक्ष राजबीर यादव और मातृभूमि सेवा संघ के मंत्री रविन्द्र उपस्थित रहे। जय कुमार, अशोक, पुरुषोत्तम दास सोनी, बलजीत यादव, हीरालाल, सुभाष सोनी, उदय प्रकाश बालिया, जयदेव और ए.के. छिल्लर सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।








