एसीएस हेल्थ के साथ बैठक के बाद फैसला, 7 अक्टूबर से नियमित काम पर लौटने की अपील
मांगें लागू नहीं हुईं तो फिर होगा आंदोलन : विनीता बांगड़
गुरुग्राम, 6 अक्टूबर। हरियाणा के स्वास्थ्य संस्थानों में पिछले दो दिनों से चल रही नर्सिंग ऑफिसर्स की दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के साथ मंगलवार शाम हुई बैठक में चार प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहमति के अनुरूप मांगों को लागू नहीं किया गया तो एसोसिएशन दोबारा आंदोलन करेगी।
नर्सिंग ऑफिसर्स के आंदोलन के मद्देनजर अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा और महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. मनीष बंसल ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया था। बैठक में एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़, राज्य कोषाध्यक्ष सुमन कुंडू और राज्य संयुक्त सचिव संतोष शर्मा ने नर्सिंग कैडर की मांगों को विस्तार से रखा। मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (एमओटीपी) को नर्सिंग कैडर पर लागू नहीं करने तथा वर्दी और अन्य भत्तों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
तबादला नीति और भत्तों पर बनी सहमति
विनीता बांगड़ के अनुसार, बैठक में नर्सिंग कैडर पर एमओटीपी लागू नहीं करने पर सहमति बनी है। इसके साथ ही मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों को विशेष भत्ता देने तथा नई नर्सिंग भर्ती होने पर वहां कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों को उनके गृह जिलों में तबादले का अवसर देने पर भी सहमति हुई है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष से बंद वर्दी भत्ते का भुगतान बकाया राशि सहित तत्काल कराने पर भी सहमति बनी है। एसोसिएशन ने इन निर्णयों को जल्द लागू करने की मांग रखी है, ताकि नर्सिंग अधिकारियों को वास्तविक राहत मिल सके।
नर्सिंग भत्ते और ग्रुप-बी दर्जे पर अलग बैठक
राज्य प्रधान ने बताया कि नर्सिंग भत्ता 7,200 रुपये करने और नर्सिंग ऑफिसर्स को ग्रुप-बी में शामिल करने जैसी अन्य मांगों पर विभाग के साथ जल्द अलग बैठक होगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने इसके लिए जल्द समय देने की बात कही है। एसोसिएशन के अनुसार, डॉ. सुमिता मिश्रा ने नर्सिंग कैडर की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
प्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर्स से काम पर लौटने की अपील
एसोसिएशन की हरियाणा मीडिया समन्वयक पूनम सहराय ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ बैठक के बाद संगठन ने सांकेतिक हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रदेशभर के नर्सिंग ऑफिसर्स से बुधवार, 7 अक्टूबर से नियमित काम पर लौटने की अपील की। साथ ही आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले सभी नर्सिंग ऑफिसर्स का आभार जताया।
विनीता बांगड़ ने कहा कि एसोसिएशन सहमति बनी मांगों के क्रियान्वयन पर नजर रखेगी। यदि इन्हें लागू नहीं किया गया तो नर्सिंग अधिकारी अपनी मांगों को लेकर फिर आंदोलन करेंगे।
एसोसिएशन के अनुसार इन चार मांगों पर बनी सहमति
- नर्सिंग कैडर पर मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू नहीं होगी।
- मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों को विशेष भत्ता मिलेगा।
- नई भर्ती होने पर मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों को गृह जिलों में तबादले का अवसर मिलेगा।
- पिछले वर्ष से बंद वर्दी भत्ते का भुगतान बकाया राशि सहित तत्काल किया जाएगा।









