रेडक्रॉस ने दी सीपीआर, टीबी और एचआईवी की जानकारी, दिव्यांगजनों को मिलने वाले लाभ भी बताए
गुरुग्राम। सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत सेक्टर-27 स्थित सामुदायिक केंद्र में जिला रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों और सेवाओं की जानकारी दी गई। अभियान के तहत प्रतिदिन लोगों को जागरूक करने की कड़ी में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के साथ दिव्यांगजनों को मिलने वाले लाभों से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम उपायुक्त उत्तम सिंह एवं अतिरिक्त उपायुक्त सोनू भट्ट के दिशानिर्देशन तथा रेडक्रॉस सचिव विकास कुमार और जिला प्रशिक्षण अधिकारी जितिन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस दौरान प्राथमिक उपचार व्याख्याता अमित पाल, टीबी स्वयंसेवक एवं प्राथमिक उपचार व्याख्याता कविता सरकार तथा टीआई परियोजना की काउंसलर संगीता बाई ने उपस्थित लोगों को सीपीआर, टीबी रोग और एचआईवी के बारे में जानकारी दी। साथ ही दिव्यांगजनों को मिलने वाले लाभों और रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों से परिचित कराया।
कार्यक्रम में नगर निगम पार्षद विकास यादव ने भी शिरकत की। उन्होंने जनजागरूकता के लिए कार्य कर रहे रेडक्रॉस के प्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना की।








