लोकतंत्र सेनानी संगठन हरियाणा के दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बने महावीर भारद्वाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आपातकाल के सत्याग्रही रहे महावीर भारद्वाज को सर्वसम्मति से मिली जिम्मेदारी

गुरुग्राम, 18 मई। लोकतंत्र सेनानी संगठन हरियाणा की आम सभा की बैठक में गुरुग्राम निवासी महावीर भारद्वाज को सर्वसम्मति से दूसरी बार संगठन का प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया। चुनाव अधिकारी एवं पूर्व डायरेक्टर जनरल हिपा, चेयरमैन एनिमल वेलफेयर बोर्ड भारत सरकार तथा पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. एस.पी. गुप्ता ने चुनाव प्रक्रिया पूर्ण कराने के बाद महावीर भारद्वाज को प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया।

महावीर भारद्वाज पिछले 56 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं। वे शिक्षाविद, वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी पहचान रखते हैं। उन्हें अब तक आठ राष्ट्रीय तथा एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल के दौरान महावीर भारद्वाज ने रेवाड़ी में सत्याग्रह कर गिरफ्तारी दी थी। उस समय उनकी आयु मात्र 21 वर्ष थी। आपातकाल के दौरान जेल में बंद लोकतंत्र सेनानियों द्वारा झेली गई यातनाओं की स्मृति को संजोए रखने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से हरियाणा में लोकतंत्र सेनानी संगठन कार्य कर रहा है। संगठन का चुनाव प्रत्येक तीन वर्ष में आयोजित किया जाता है।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रतिनिधि एवं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजन धींगरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वे अखिल भारतीय संगठन की ओर से हरियाणा प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।

बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं संगठन के मुख्य संरक्षक जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व प्रांत कार्यवाह एवं लोकतंत्र सेनानी सुभाष आहूजा, वरिष्ठ अधिवक्ता पवन सिब्बल, सामाजिक कार्यकर्ता सतीश कत्तयाल तथा संघ के पूर्व प्रचारक बलवीर सिंह अग्रवाल भी मौजूद रहे। इसके अलावा फरीदाबाद से लघु उद्योग भारती से जुड़े रवि खत्री ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में हरियाणा के 19 जिलों से आए 46 लोकतंत्र सेनानियों ने हिस्सा लिया। महावीर भारद्वाज के नाम का प्रस्ताव सतीश कत्तयाल ने रखा, जिसका समर्थन डॉ. वेद प्रकाश व्यथित, सुभाष डगर और शक्तिपाल मंगल ने किया। चुनाव अधिकारी द्वारा अन्य नाम आमंत्रित किए जाने के बावजूद कोई दूसरा प्रस्ताव सामने नहीं आया, जिसके बाद डॉ. एस.पी. गुप्ता ने महावीर भारद्वाज को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!