वोट चोरी के खिलाफ इंडिया गठबंधन आठ अक्टूबर को निकालेगा विशाल जुलूस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-गुडग़ांव शहर में विशाल जुलूस में शामिल होंगें गठबंधन दलों के नेता, कार्यकर्ता

गुडग़ांव। इंडिया गठबंधन ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए जन जागरुकता अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय कमान सराय में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर व जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने की। बैठक में इंडिया गठबंधन में शामिल सभी घटक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 8 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे शहर में विशाल जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस कमान सराय कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर सदर बाजार, घंटेश्वर मंदिर रोड होते हुए लघु सचिवालय तक जाएगा। जुलूस के माध्यम से इंडिया गठबंधन भाजपा की कथित वोट चोरी और चुनावी धांधली को जन-जन तक पहुंचाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि वोट चोरी अब सार्वजनिक हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर विपक्ष के वोट काट रही है और फर्जी वोटर जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर जो खेल हुआ, वह पूरे देश के सामने है। अब हरियाणा में भी उसी पैटर्न पर काम शुरू हो गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरुक करेंगे और एक भी वोट नहीं कटने देंगे।

कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस की लड़ाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में गरीब, दलित और प्रवासी मजदूरों के वोट काटे जा रहे हैं। आठ अक्टूबर के जुलूस में गांवों से हजारों लोग शामिल होंगे। वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का असली चेहरा अब देश के सामने उजागर हो चुका है। अब भाजपा सरकार का पतन तय है।

सीपीआई (एम.) की जिला सचिव उषा सरोहा ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए वोटों की हेराफेरी कर रही है। उन्होंने कहा कि वाम दल पूरी ताकत के साथ इस अभियान में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के साथ हैं। मजदूरों और किसानों को इस साजिश के बारे में बताया जाएगा। सीपीआई (एम.) के नेता ईश्वर सिंह ने कहा कि चुनाव में धांधली लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) की प्रतिनिधि कोमल सिंह ने कहा कि वोट का अधिकार बाबा साहेब अंबेडकर ने कड़ी लड़ाई के बाद दिया है। इसे किसी भी कीमत पर लूटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा भी इस आंदोलन में बढ़-चढक़र भाग लेंगे।

इस अवसर पर सूबे सिंह यादव, सीमा पाहुजा, सीमा हुड्डा, हरकेश प्रधान, राहुल नंबरदार, सुशील सहरावत, नरेश वशिष्ठ, धर्मेंद्र मिश्रा, सतीश सांगवान, राजपाल यादव, अमित कोचर, मनजीत सिंह, राजीव यादव, पंकज मेहंदीरत्ता, मास्टर महेंद्र सैन, मुकेश डागर, राजकुमार एससी सैल जिला अध्यक्ष, दीपक दहिया, कार्तिक गहलोत, अमन कौशिक, श्याम लाल बामनिया, खेमचंद किरार, अमन प्रजापति, सुनील चौहान, जयपाल धनखड़, मनोज आहुजा, रमाकांत शर्मा, लोकेश कौशिक, कुणाल सिंह, ओमप्रकाश खरेरा, भूपेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!