किसानों पर बोझ नहीं, मंडियों में सुधार करे सरकार : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नारनौल व सिहमा के ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों में उठाए किसान और युवा के मुद्दे

अग्निवीर योजना पर सवाल उठाए; ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

चंडीगढ़/नारनौल, 6 अक्टूबर। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने के बजाय सरकार को मंडियों में फसल की खरीद, उठान और भुगतान की व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं, जबकि युवा स्थायी रोजगार और सुरक्षित भविष्य को लेकर चिंतित हैं। कांग्रेस इन वर्गों की आवाज उठाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी।

जिला महेंद्रगढ़ के नारनौल एवं सिहमा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों को संबोधित करते हुए राव नरेंद्र सिंह ने किसानों, युवाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करना है। सम्मेलनों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने तथा ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

सफाई और छंटाई का खर्च किसानों पर न डालें

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान पहले ही महंगाई, खेती की बढ़ती लागत और कृषि संबंधी समस्याओं से परेशान हैं। ऐसे में अनाज की सफाई और छंटाई के लिए अतिरिक्त व्यवस्था का बोझ उन पर डालना अनुचित है। मंडियों में फसल बेचने के लिए किसानों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को उनकी मुश्किलें बढ़ाने के बजाय खरीद प्रक्रिया सुचारू बनाने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अनाज छानने के लिए इलेक्ट्रिक झरना अथवा सफाई की व्यवस्था का दायित्व किसानों पर थोपने से उनकी लागत और बढ़ेगी। सरकार ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे किसान को अपनी उपज का उचित मूल्य मिले और मंडी में अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने खरीद के साथ समयबद्ध उठान और भुगतान की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

युवाओं को मिले स्थायी रोजगार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अग्निवीर योजना को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार देते हुए कहा कि सेना में बड़ी संख्या में योगदान देने वाले हरियाणा के युवाओं में इस योजना को लेकर असमंजस है। उन्होंने कहा कि चार साल की सेवा के बाद बड़ी संख्या में युवाओं के सामने भविष्य और रोजगार का सवाल खड़ा हो जाता है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि देश की सेवा के लिए अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय देने वाले युवाओं को स्थायी रोजगार और सुरक्षित भविष्य की गारंटी मिलनी चाहिए। सरकार उन्हें रोजगार के लिए भटकने को मजबूर करने के बजाय स्थायी भर्ती और सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को स्थायी रोजगार के पर्याप्त अवसर देने में विफल रही है। कांग्रेस किसान, युवा, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। सरकार को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करते हुए जनहित में ठोस कदम उठाने चाहिए।

हर बूथ तक सक्रिय होगा संगठन

राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है। प्रत्येक कार्यकर्ता से सीधा संवाद स्थापित कर पार्टी को अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भागीदारी ही संगठन को नई मजबूती देगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच नियमित रूप से जाएं, लोगों की समस्याएं सुनें और उनके समाधान के लिए आवाज उठाएं। संगठन की मजबूती को जनसरोकारों से जोड़ते हुए किसान, युवा और आम नागरिक के मुद्दों पर संघर्ष के लिए तैयार रहें।

वोट के अधिकार के प्रति जागरूक करें कार्यकर्ता

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का अभियान है। प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर वोट के अधिकार और उसके महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना होगा।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इस अधिकार की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यकर्ता आपसी एकजुटता के साथ अभियान को आगे बढ़ाएं और इसे जनआंदोलन का स्वरूप दें। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन, सक्रिय कार्यकर्ताओं और जनता के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष के दम पर कांग्रेस हरियाणा में और अधिक मजबूत राजनीतिक ताकत के रूप में उभरेगी।

पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित

इस अवसर पर महेंद्रगढ़ के जिला अध्यक्ष सतवीर यादव, राव होशियार सिंह, सिहमा ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप सिंह, सतपाल दहिया, राजन यादव, सेवादल के महेंद्रगढ़ जिला अध्यक्ष अजीत सिंह यादव, सचिव नरेंद्र सिंह अटाली, डॉ. राज सुनेश, केकेसी प्रधान अनिल यादव, महेंद्र सिंह राता, कनीना ब्लॉक प्रधान रामकिशन, नारनौल ब्लॉक प्रधान मनपाल, नांगल चौधरी ब्लॉक प्रधान विक्रम सिंह, अटेली ब्लॉक प्रधान समर सिंह और निजामपुर ब्लॉक प्रधान राजकुमार उपस्थित रहे।

इनके अलावा पूर्व सरपंच विनोद शर्मा, अविनाश यादव, नीर सिंह, रेवाड़ी से रमेश ठेकेदार, विनोद गहली, अनिल फाँड़न, सुरेंद्र यादव, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष अमर सिंह, प्रकोष्ठ के महेंद्रगढ़ जिला अध्यक्ष तोताराम, पंचायत राज के महेंद्रगढ़ जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पराशर एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!