सेवा संकल्प अभियान : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को करेंगे संबोधित आज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान (लेजर वैली), पार्किंग में होगा कार्यक्रम

सूचना जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया

गुरुग्राम, 7 अक्टूबर- सेवा संकल्प अभियान के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत गुरुग्राम में आज ‘विकसित भारत संकल्प सभा – ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे, वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान (लेजर वैली) पार्किंग में आयोजित किया जाएगा।

सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्टेज मैनेजमेंट, सुरक्षा प्रबंध, पब्लिक मूवमेंट, पार्किंग व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा सहित अन्य व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ समय पर पूरी की जाएं।

बैठक के उपरांत आयुक्त एवं सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के डीसी के साथ बैठक की। उन्होंने जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, जनभागीदारी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान आमजन एवं अन्य जिलों से आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकासी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीसी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधन भी होगा। कार्यक्रम के उपरांत गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मशाल यात्रा रवाना होगी। आयोजन में गुरुग्राम के साथ फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और झज्जर जिलों से भी जनभागीदारी होगी।

इस अवसर पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की प्रशासक वैशाली सिंह, एडीसी सोनू भट्ट, डीसीपी संदीप, जीएम रिटायर्ड मेजर गायत्री अहलावत, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, एसडीएम सोहना अखिलेश, जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार, संयुक्त आयुक्त कुशल कटारिया, संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक, सीटीएम ज्योति नागपाल, संयुक्त आयुक्त सपना यादव तथा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय गृह मंत्री के गुरुग्राम दौरे को लेकर 7 अक्टूबर को ड्रोन, पैराग्लाइडर सहित उड़ने वाली वस्तुओं पर प्रतिबंध

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के 7 अक्टूबर को गुरुग्राम स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान (लेजर वैली) में प्रस्तावित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। जिलाधीश उत्तम सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए 7 अक्टूबर को पूरे गुरुग्राम जिले में ड्रोन, पैराग्लाइडर सहित किसी भी प्रकार के मानव रहित हवाई वाहन अथवा उड़ने वाली वस्तु के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है।

जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध 7 अक्टूबर 2026 को पूरे गुरुग्राम जिले में लागू रहेगा, आधिकारिक सरकारी कार्य के लिए इस्तेमाल में लाए जा रहे उपकरणों को इन आदेश से बाहर रखा गया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 तथा अन्य लागू अधिनियमों/नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!