सरकार बताए – मंडियों में फसल पहुंचने के बाद भी किसान को समय पर एम एसपी क्यों नहीं मिल रहा : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बारिश की आशंका के बीच खुले में पड़े धान की सुरक्षा, खरीद और उठान तत्काल सुनिश्चित करे सरकार

चंडीगढ़, 6 अक्टूबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने हरियाणा की मंडियों में धान खरीद की धीमी गति पर चिंता जताते हुए सरकार से खरीद और उठान की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा की अनेक मंडियों का दौरा करने के बाद उन्होंने स्वयं पाया कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है और खरीद व उठान की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश की मंडियों में करीब 7.07 लाख टन धान की आवक हो चुकी है, जबकि खरीद करीब 1.38 लाख टन बताई गई है। यदि ये आंकड़े सही हैं तो इतनी बड़ी मात्रा में धान का मंडियों में पड़ा रहना गंभीर चिंता का विषय है। सांसद ने कहा कि खरीद में देरी और किसानों को एम एसपी से नीचे फसल बेचने की मजबूरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। सरकार ने खरीद सीजन से पहले पर्याप्त व्यवस्था और समय पर खरीद के दावे किए थे, लेकिन जमीनी स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि बारिश की आशंका को देखते हुए खुले में पड़े धान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त शेड, तिरपाल, बारदाना और परिवहन की व्यवस्था की जाए तथा खरीद और उठान तत्काल तेज किया जाए। सांसद ने सवाल किया कि जब धान मंडियों में पहुंच चुका है तो खरीद की गति धीमी क्यों है और किसानों को पूरा एमएसपी मिलने में बाधा की जिम्मेदारी किसकी है? किसान को आश्वासन नहीं, उसकी फसल का पूरा मूल्य और समय पर भुगतान चाहिए।

लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक लड़ेंगे : कुमारी सैलजा

नई दिल्ली। दिल्ली में सांसदों के प्रदर्शन के बाद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं और विपक्ष की आवाज को कमजोर करने में जुटी है, लेकिन कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगी। सांसद ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को देशव्यापी स्तर पर और मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। वोट चोरी के आरोपों, मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जवाबदेही की मांग जारी रहेगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट किया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और चुनावी व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। यह लड़ाई प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की है तथा कांग्रेस इसे सड़क से संसद तक उठाती रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!