जीएमडीए सीईओ पीसी मीणा ने इंजीनियरिंग विंग को दिए सख्त निर्देश, रोज होगी फुटपाथ रिपेयर की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*पेड़ों को बचाकर बनेंगे फुटपाथ, रोड गली के साथ फुटपाथ और मैनहोल लेवल दुरुस्त करना होगा अनिवार्य*

*गुरुग्राम, 6 अक्टूबर*। गुरुग्राम में पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथों को बेहतर बनाने और ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित करने को लेकर जीएमडीए ने अब फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए ) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पीसी मीणा ने मंगलवार को इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की और फुटपाथों की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

सीईओ ने कहा कि कार्यकारी अभियंता खुद फील्ड में जाएं और अपने-अपने क्षेत्र में फुटपाथों की स्थिति का जायजा लेकर उनकी मरम्मत करवाएं। पैदल यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि फुटपाथ रिपेयर की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।

हर कार्यकारी अभियंता को रोजाना यह बताना होगा कि उसके क्षेत्र में कितने किलोमीटर फुटपाथ की मरम्मत पूरी हुई और अगले दिन कितने किलोमीटर का लक्ष्य रखा गया है। इससे काम की प्रगति की सीधे तौर पर निगरानी की जाएगी।

*पेड़ बचेंगे, जरूरत हो तो घुमावदार बनेगा फुटपाथ*

श्री पीसी मीणा ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ निर्माण के नाम पर पेड़ों की कटाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फुटपाथ की डिजाइन जरूरत के अनुसार घुमावदार करनी पड़े तो की जाए, लेकिन पेड़ को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। ग्रीन बेल्ट को भी बेहतर बनाने के साथ मौजूदा हरियाली के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि रोड गली बनाने के बाद फुटपाथ को टूटा हुआ न छोड़ा जाए। जहां रोड गली बनाई जा रही है, वहां फुटपाथ को भी साथ-साथ दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा मैनहोल का लेवल भी सड़क और फुटपाथ के अनुरूप सही रखना सुनिश्चित किया जाए।

*डेवलपर को भी जीएमडीए की मंजूरी जरूरी*

बैठक में बताया गया कि कई बार डेवलपर या बिल्डर द्वारा फुटपाथ निर्माण के दौरान मैनहोल ढक दिए जाने से बाद में उनकी लोकेशन तलाशने में परेशानी होती है। इस पर सीईओ ने निर्देश दिए कि भविष्य में आर ओ डब्लू में कोई भी डेवलपर या बिल्डर फुटपाथ बनाएगा तो उसे जीएमडीए से अनुमोदन लेना होगा। संबंधित इंजीनियर फुटपाथ का क्रॉस-सेक्शन भी जांचेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि फुटपाथ और मैनहोल की अलाइनमेंट सही है ताकि मैनहोल की लोकेशन स्पष्ट रहे और भविष्य में रखरखाव के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो।

बैठक में मुख्य अभियंता प्रवीण चौधरी, मुख्य नगर योजनाकार संजीव मान, आईटी विभाग के प्रमुख सुशील कुमार, अधीक्षण अभियंता परवीन कुमार, कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह, भीम आर्य, राकेश दीपक, विभोर दूहन तथा जीएमडीए के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!