14 फरवरी को जिले के विद्यालयों में ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ आयोजित करने की मांग …….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जन जागरण मंच ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

गुरुग्राम, 29 जनवरी (अशोक) : जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में आगामी 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस आयोजित किए जाने की मांग को लेकर सामाजिक संस्था जन जागरण मंच के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों एवं सामाजिक संतुलन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हो सकता है। संस्था का कहना है कि बीते कुछ वर्षों में 14 फरवरी को वेलेंटाइन डे के रूप में मनाने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जो भारतीय संस्कृति और पारंपरिक जीवन मूल्यों से मेल नहीं खाती। इसके चलते युवाओं में भावनात्मक अस्थिरता, मानसिक तनाव, अनुशासनहीन आचरण तथा सामाजिक मर्यादाओं के उल्लंघन की घटनाएं बढ़ी हैं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इन सामाजिक चुनौतियों के समाधान के उद्देश्य से वर्ष 2007 से 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाने की प्रेरणा दी गई। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को माता-पिता के प्रति कृतज्ञता, सम्मान और सेवा भाव से जोड़ना है, जिससे पारिवारिक संस्कृति को मजबूती मिल सके।

संस्था ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में विद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित मातृ-पितृ पूजन दिवस से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इससे माता-पिता और बच्चों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ा है, परिवारों में संवाद और सम्मान का वातावरण बना है तथा युवाओं में संयम, अनुशासन और नैतिक चेतना का विकास हुआ है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि देश के कई गणमान्य सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों एवं विभिन्न राज्य सरकारों के मंत्रियों द्वारा इस दिवस की सार्वजनिक रूप से सराहना की जा चुकी है। छत्तीसगढ़, राजस्थान सहित कई राज्यों में सरकारों द्वारा विद्यालयों को इस संबंध में दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जन जागरण मंच ने उपायुक्त से आग्रह किया कि गुरुग्राम जैसे आधुनिक एवं तीव्र गति से विकसित जिले में, जहां युवा वर्ग की संख्या अधिक है, वहां इस प्रकार के संस्कारात्मक कार्यक्रमों की विशेष आवश्यकता है। अतः जिला प्रशासन द्वारा सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह चौधरी, गिरधारी मिश्रा, अनिल कुमार शर्मा, हरिशंकर कुमार एवं दिलीप कुमार भी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!