केंद्रीय बजट की विशेषताओं को आम जन तक पहुंचाने के लिए बीजेपी ने कमर कसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

1 फरवरी से 15 फरवरी तक चलेगा देशव्यापी अभियान : मोहन लाल बडौली

भाजपा सभी जिला मुख्यालयों में बड़ी स्क्रीन पर बजट प्रस्तुति को सामूहिक रूप से देखने की व्यवस्था करेगी

चंडीगढ़, 29 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी केंद्र के बजट की विशेषताओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशव्यापी अभियान की शुरूआत कर रही है। हरियाणा में 1 फरवरी से 15 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री और विधायक सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता बजट पर प्रेसवार्ता करेंगे और लोगों को बजट की विशेषताओं की जानकारी देंगे। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने बताया कि भाजपा ने आम जन तक बजट के बारे में जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष तैयारियां की है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में बड़ी स्क्रीन पर बजट प्रस्तुति को सामूहिक रूप से देखने की व्यवस्था भी की जाएगी।

सांसद, मंत्री, विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को बताएंगे कि बजट में उनके लिए क्या खास है और आने वाले समय में क्या फायदा मिलने वाला है। हरियाणा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने प्रदेश बजट टोली के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। जिलों में भी इस संबंध में टोलियां बना दी गई है।

इस समिति में पूर्व मंत्री डा. कमल गुप्ता, पूर्व मंत्री जेपी दलाल, सोशल मीडिया संयोजक अरुण यादव, मुख्य प्रवक्ता जवाहर यादव और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य वरूण श्योराण को दायित्व दिया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा 1 फरवरी को संसद में बजट प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में इस बार का बजट भी विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की तरफ एक और बड़ा कदम होगा। बडौली ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में बजट एक समग्र नीति वक्तव्य के रूप में उभरा है, जो अपने स्वरूप में दूरदर्शी और प्रेरक है। बजट का मुख्य उद्देश्य गरीबी उन्मूलन और आधारभूत ढांचे का सशक्त निर्माण रहा है।

श्री बड़ौली ने कहा कि इस वर्ष के बजट की प्रमुख विशेषताएं लोगों तक पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा कार्यशालाएँ आयोजित की जाएंगी तथा इन सभी कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, मेयर एवं अर्थव्यवस्था से संबंधित प्रकोष्ठों की सहभागिता रहेगी। बजट को बड़ी स्क्रीन पर सामूहिक रूप से देखा जाएगा। मंडल स्तर पर भी बजट प्रस्तुति को देखने की व्यवस्था की जाएगी। दो फरवरी से 10 फरवरी तक मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता बजट पर प्रेसवार्ता करेंगे। बजट चर्चा में लाभार्थियों को भी जोड़ा जाएगा।

श्री बड़ौली ने कहा कि छात्रों और युवा प्रोफेशनल्स के साथ युवा संवाद। विश्वविद्यालयों, बिजनेस स्कूलों व अन्य प्रमुख संस्थानों तथा डिग्री कॉलेजों में भी संवादात्मक कार्यक्रमों आयोजित होंगे। बडौली ने कहा कि किसानों, कृषि श्रमिकों और किसान उत्पादक संगठनों के साथ किसान संवाद कार्यक्रम किए जाएंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ महिला संवाद, लघु एवं मध्यम उद्यमों और उद्यमियों के साथ व्यापारी संवाद, श्रमिकों एवं कारीगरों के साथ श्रमिक संवाद किया जाएगा।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हर विधानसभा में सांसद, विधायक और मेयर के नेतृत्व में ’बजट चौपाल’ का आयोजन कर बजट पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि बजट चर्चा के दौरान सांसद, विधायक, महापौर एवं अन्य जन प्रतिनिधि बजट के प्रमुख लाभों को समझाने वाले संदेश भी लोगों को साझा करेंगे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!