हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग की संयुक्त पहल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम में 2600 विद्यार्थियों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार

गुरुग्राम, 27 जनवरी 2026: हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को सेक्टर-9ए स्थित एस.एन. सिद्धेश्वर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में एक भव्य सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 2600 विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं अध्यापिकाओं ने अनुशासन, उत्साह और ऊर्जा के साथ सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार एवं योगाभ्यास में सहभागिता की। पूरे परिसर में योग के प्रति बच्चों का जोश और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।

योग सत्र का संचालन आयुष विभाग की योग सहायक माधुरी यादव एवं बेबी पराशर द्वारा किया गया। उन्होंने सूर्य नमस्कार के साथ-साथ विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया और योग के शारीरिक, मानसिक एवं आत्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने नियमित योग को जीवनशैली में अपनाने का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योग एवं स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा तनावमुक्त, अनुशासित एवं ऊर्जावान समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल करना रहा।

यह आयोजन जिला आयुर्वेदिक अधिकारी गुरुग्राम डॉ. मंजू कुमारी एवं जिला समन्वयक डॉ. विकास यादव के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयुष एवं योग को जन-जन तक पहुँचाने के उनके प्रयासों की उपस्थितजनों ने सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रशासन एवं प्रतिभागियों द्वारा हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई गई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!