योग्य शिक्षक, विद्यार्थी व सामाजिक कार्यकर्ता पात्र
आवेदन की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026
गुरुग्राम, 27 जनवरी- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा “पैरा लीगल वॉलंटियर्स योजना (संशोधित)” के अंतर्गत पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) के पैनल के पुनर्गठन हेतु इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राकेश कादियान मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम ने बताया कि शिक्षक (सेवानिवृत्त शिक्षक सहित), सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी एवं वरिष्ठ नागरिक, एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी एवं शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, चिकित्सक, विद्यार्थी एवं विधि के छात्र, गैर-राजनीतिक सामाजिक संगठनों/स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, अच्छे आचरण वाले शिक्षित बंदी तथा अन्य उपयुक्त व्यक्ति इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने के पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदकों को आवेदन पत्र के साथ जन्मतिथि का प्रमाण पत्र, पहचान पत्र (आधार कार्ड/मतदाता पहचान पत्र), शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव तथा अन्य उपलब्ध उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्राप्त आवेदनों की जांच चयन समिति द्वारा की जाएगी।
यह भी स्पष्ट किया गया कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने हेतु किसी भी आवेदक को कोई वेतन अथवा पारिश्रमिक देय नहीं होगा तथा चयन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता भी देय नहीं होगा। अधूरे आवेदन पत्र अथवा निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने आगे बताया कि चयनित एवं पैनल में सम्मिलित पैरा लीगल वॉलंटियर्स को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा सौंपे गए दायित्वों के संतोषजनक एवं सफलतापूर्वक निर्वहन पर ₹800/- (आठ सौ रुपये) प्रतिदिन की दर से मानदेय प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन पत्र 06 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को सायं 5:00 बजे तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम कार्यालय (गेट नंबर-2 के निकट, न्यायालय परिसर, गुरुग्राम) में जमा कर सकते हैं।







