जिले के सभी उपमंडलों में उत्साह व गरिमा के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटौदी में विधायक बिमला चौधरी, सोहना में विधायक तेजपाल तंवर, बादशाहपुर में विधायक लक्ष्मण यादव और मानेसर में विधायक मुकेश शर्मा ने ध्वज फहराया

गुरुग्राम, 26 जनवरी —जिला मुख्यालय गुरुग्राम के साथ-साथ सोहना, पटौदी, मानेसर और बादशाहपुर में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति और गौरव के साथ मनाया गया। जिले के सभी उपमंडलों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड की सलामी ली और संविधान, लोकतंत्र व राष्ट्र की एकता का संदेश दिया। बच्चों और सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।

मानेसर

मानेसर उपमंडल के नखड़ौला में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आमजन को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की आत्मा है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार और कर्तव्य प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

इस अवसर पर डीसीपी दीपक, एसडीएम दर्शन यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष अजीत यादव भी उपस्थित रहे।

पटौदी

अनाज मंडी, पटौदी में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में पटौदी से विधायक बिमला चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी सद्भाव और एकता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस मौके पर एसडीएम पटौदी दिनेश कुमार भी मौजूद रहे।

सोहना

सोहना उपमंडल के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में विधायक तेजपाल तंवर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि देश का युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है और युवाओं को शिक्षा, अनुशासन व सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से संविधान के प्रति सजग और जागरूक रहने की अपील की। समारोह में आकर्षक परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर एसडीएम अखिलेश भी उपस्थित रहे।

बादशाहपुर

बादशाहपुर उपमंडल में सेक्टर-43 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गुरुग्राम में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने सभी से संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों को अपनाते हुए समाज को एकजुट और प्रगतिशील बनाने में योगदान देने को कहा।

इस अवसर पर एसडीएम संजीव सिंगला, तहसीलदार गुरुदेव सिंह, नायब तहसीलदार नरेंद्र कुमार और महेन्द्र सिंह भी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें