भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गणतंत्र दिवस हमें अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है : मोहन लाल बड़ौली

संविधान ही देश की आत्मा है, जिसने हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है : बड़ौली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

*मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा मिली है : बड़ौली

चंडीगढ़,  26 जनवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोनीपत स्थित भाजपा जिला कार्यालय में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस नागरिकों को उनके कर्तव्यों का स्मरण कराता है। संविधान से प्राप्त अधिकारों और कर्तव्यों के संतुलन ने भारत को विश्व का सबसे बड़ा और सशक्त लोकतंत्र बनाया है। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों और कार्यकर्ताओं को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भारतीय संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की मजबूती और देश की एकता व अखंडता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें भारत के संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि संविधान ही देश की आत्मा है, जिसने हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है।

श्री बड़ौली ने कहा कि आज़ादी मिलने के बाद 26 जनवरी 1950 को भारत ने अपना संविधान लागू कर स्वयं को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया। 26 जनवरी का दिन देश के लोकतांत्रिक सफर का ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं और हरियाणा के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि उनके बलिदान और दूरदर्शिता के कारण ही आज भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में पहचान बना पाया है। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए वे राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।

श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा मिली है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 217 संकल्प लिए थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने एक वर्ष में 54 संकल्पों को पूरा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है उसे संकल्प के साथ पूरा करती है। श्री बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में नॉन स्टॉप विकास के कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हरियाणा को हर दृष्टि से देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक पवन खरखौदा, जिला महामंत्री तरूण देवीदास, नीरज कुमार, देवेंद्र कौशिक, जिला मीडिया प्रभरी दिनेश अत्रे, आजाद नेहरा, संजीत सबोली, मनोज त्यागी, हरिओम शर्मा, किशोर वशिष्ठ, आरती शर्मा, सुनीता, सोनिया मोर, सीमा ग्रोवर, किरण बाला के अलावा तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

*तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक : मोहन लाल बड़ौली*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिवा शिक्षा सदन स्कूल, देव नगर, सोनीपत में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। यहां उन्होंने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज उपस्थित रहे।

गणतंत्र दिवस पर स्कूल परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। छात्रों ने सांस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। श्री बड़ौली ने छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए कार्यक्रमों की प्रशंसा की।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। सभी ने राष्ट्रगान के साथ देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!