भाजपा के हर सक्रिय कार्यकर्ता के लिए चुनाव लड़ने के दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं : मोहन लाल बड़ौली
नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने सात मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं की लगाई है ड्यूटियां
बड़ौली ने सीआरपीएफ कैंप में आयोजित रोजगार मेला में नियुक्ति पत्र मिलने की युवाओं को दी बधाई
चंडीगढ़, 24 जनवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा नगर निकाय चुनाव के लिए तैयार है। जहां-जहां चुनाव होने हैं वहां-वहां पर सात मंत्रियों के साथ-साथ बड़े नेताओं की ड्यूटियां लगाई है। श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से चुनाव जीतने का दावा करती रही है, लेकिन जनता केवल बीजेपी को ही लगातार अपना आशीर्वाद दे रही है। मोहन लाल बड़ौली ने ये बाते शनिवार को सोनीपत स्थित सीआरपीएफ कैंप में रोजगार मेले के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। इस मौक पर उन्होंने युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलने की बधाई दी और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा एक चुनाव के बाद दूसरे चुनाव की तैयारियों में उसी दिन से जुट जाती है जिस दिन चुनाव समाप्त होते हैं। हमारा हर कार्यकर्ता हर समय चुनाव मोड़ में रहता है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा के विचार और भाजपा की नीतियां प्रदेश की जनता को पसंद है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के हर सक्रिय कार्यकर्ता के लिए चुनाव लड़ने के दरवाजे हमेशा खुले रहते हैं।
राहुल गांधी की भगवान राम विरोधी मानसिकता से कांग्रेस और गर्त में जाएगी
श्री बड़ौली ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मानसिक संतुलन हिल चुका है। राहुल गांधी वीबी-जीरामजी योजना का नाम लेने से भी हिचक रहे हैं और भगवान श्रीराम का मजाक बना रहे हैं। राहुल गांधी की भगवान राम विरोधी मानसिकता से कांग्रेस अब और गर्त में जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास ना कोई नीति है और ना ही नेतृत्व है। कांग्रेस की विचारधारा ही कांग्रेस को समाप्त करेगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव मेंं कांग्रेस जीरो पर आउट होगी और जनता के आशीर्वाद से निकाय चुनाव में कमल खिलेगा।
मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े थे। पीएम मोदी ने आज 61 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि 18 रोजगार मेलो के माध्यम से अभी तक 11 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जा चुके हैं। सोनीपत में भी आज 103 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्राथमिकता अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देना है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 2024 में सरकार बनते ही सबसे पहले 25 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर अपना वादा निभाया। नायब सरकार ने 1 लाख 20 हजार से अधिक कच्चे कर्मचारियों की नौकरियों को सुरक्षित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां दे रही हैं। नायब सरकार की नीतियों से युवाओं में उत्साह है।







