दान और संस्कार का संगम: श्री सनातन धर्मसभा का 25वां सामूहिक विवाह समारोह संपन्न

गुरुग्राम। न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन परिसर में शुक्रवार को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्री सनातन धर्मसभा द्वारा दानवीरों के सहयोग से 25वें सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर तथा पंजाबी बिरादरी महासंगठन के चेयरमैन बोधराज सीकरी द्वारा हनुमान जी की पावन ध्वजा फहराकर किया गया।

गीता भवन के प्रधान उदयभान ग्रोवर एवं दर्जनों मंदिरों की शिरोमणि संस्था केंद्रीय श्री सनातन धर्मसभा के प्रधान तथा गीता भवन के चेयरमैन सुरेंद्र खुल्लर ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 10 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार उनके-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार ब्राह्मणों के विधिवत मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया।
संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा बैंड-बाजे के साथ बारातों का भव्य स्वागत किया गया। बसंत पंचमी के अवसर पर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई।

आयोजकों ने बताया कि बारिश के कारण एक जोड़ा निर्धारित समय तक समारोह में नहीं पहुंच सका। यदि वह समय रहते आयोजन स्थल पर पहुंचता है, तो अन्य जोड़ों की भांति उसका विवाह संस्कार भी संपन्न कराया जाएगा।
संस्था द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन में उपयोगी आवश्यक वस्तुएं उपहार स्वरूप भेंट की गईं। विवाह समारोह की तैयारियां पिछले लगभग एक माह से की जा रही थीं, जिसमें संस्था के सभी सदस्य पूरे समर्पण के साथ जुटे रहे।
इस अवसर पर कांग्रेस की टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ चुकी सीमा पाहूजा, सुभाष डूडेजा, उद्यमी राकेश गुप्ता, राकेश जैन, समाजसेवी तिलकराज ग्रोवर, केसी बोहरा, केंद्रीय श्री सनातन धर्मसभा के महासचिव देवराज आहूजा, रामलाल ग्रोवर, लोकेश आहूजा, मनीष खुल्लर, तरुण चावला, डीसी ग्रोवर, प्रवीण डूडेजा, नरेश गुलाटी, केसरदास ग्रोवर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।







