पीएम स्वनिधि योजना के तहत गुरुग्राम में पथ विक्रेताओं को मिला आर्थिक संबल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्टेट बैंक न्यू कॉलोनी में लगाए गए विशेष कैंप में 60 से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों ने लिया लाभ

गुरुग्राम, 23 जनवरी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा केरल में आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर केंद्र सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम द्वारा स्टेट बैंक न्यू कॉलोनी में विशेष लाभार्थी कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप की अध्यक्षता मेयर श्रीमती राजा रानी मल्होत्रा ने की।

कैंप में वार्ड पार्षद दिलीप साहनी, नगर निगम सिटी प्रोजेक्ट ऑफिसर महेंद्र सिंह तथा सीएमएमयू से योगिन्द्र त्यागी और मनोज भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लगभग 60 से 65 रेहड़ी-पटरी विक्रेता मौजूद रहे और उन्होंने योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं का लाभ उठाया।

कैंप में पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत पात्र पथ विक्रेताओं को 15,000 रुपए का प्रारंभिक ऋण प्रदान किया गया। वहीं, जिन लाभार्थियों ने पहले 20,000 रुपए का ऋण सफलतापूर्वक चुका दिया था, उनके 30,000 रुपए के क्रेडिट कार्ड के लिए भी आवेदन फॉर्म भरवाए गए।

इस अवसर पर सिटी प्रोजेक्ट ऑफिसर महेंद्र सिंह ने योजना की चरणबद्ध जानकारी देते हुए बताया कि पीएम स्वनिधि के तहत पहले चरण में 15,000 रुपए का ऋण दिया जाता है। इसके समय पर भुगतान के बाद लाभार्थी को 25,000 रुपए का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। 25,000 रुपए का ऋण चुकाने पर लाभार्थी को आगे 30,000 रुपए का क्रेडिट कार्ड तथा 50,000 रुपए तक का ऋण लेने की पात्रता भी मिलती है।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा आयोजित यह कैंप पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जिससे उन्हें व्यवसाय विस्तार, डिजिटल लेन-देन और आर्थिक स्थिरता में सहायता मिलेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!