नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती व बसंत पंचमी पर विद्यार्थियों ने किया सूर्य नमस्कार अभ्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आयुष विभाग व हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में सी.डी. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजन

गुरुग्राम, 23 जनवरी 2026 : आयुष विभाग गुरुग्राम एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी, जिला योग समन्वयक डॉ. विकास यादव एवं योग विशेषज्ञ डॉ. भूदेव के कुशल मार्गदर्शन में शुक्रवार को सी. डी. इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-71, गुरुग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं वसंत पंचमी के पावन अवसर पर सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में योग के प्रति रुचि जागृत करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाना तथा राष्ट्रनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों से प्रेरणा लेना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिली।

सूर्य नमस्कार अभ्यास में विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने पूर्ण उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा के साथ सहभागिता की। योग अभ्यास के दौरान बच्चों में एकाग्रता, सकारात्मक ऊर्जा एवं अनुशासन स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ, जिससे योग के लाभ प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दिए।

कार्यक्रम का संचालन योग सहायक श्रीमती सोनू शर्मा द्वारा अत्यंत सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं प्रेरणादायी ढंग से किया गया। उन्होंने सूर्य नमस्कार के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी प्रतिभागियों को दी।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रशासन द्वारा आयुष विभाग, गुरुग्राम एवं हरियाणा योग आयोग का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक और प्रेरणादायी कार्यक्रमों के आयोजन की इच्छा प्रकट की गई।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!