रामगढ़ भगवानपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज बनाने की घोषणा पर सरकार से जवाब मांगा : विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

320 दिनों का धरना समाप्त करवाते समय मुख्यमंत्री ने दिया था आयुर्वेदिक कॉलेज बनाने का आश्वासन

चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद भी सरकार की ओर से नहीं हुई कोई औपचारिक घोषणा

वेदप्रकाश विद्रोही ने पूछा, कॉलेज निर्माण की कानूनी प्रक्रिया कब होगी शुरू?

रेवाड़ी, 20 मई। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने मांग की है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 2 मई को रामगढ़ भगवानपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज बनाने को लेकर ग्रामीणों को दिए गए अपने आश्वासन को शीघ्र पूरा करें।

विद्रोही ने कहा कि नगर निकाय चुनाव के दौरान 2 मई को रेवाड़ी दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने रामगढ़ भगवानपुर में अस्पताल बनाने की मांग को लेकर 320 दिनों से चल रहे धरने को समाप्त करवाते हुए ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि यहां आयुर्वेदिक कॉलेज बनाया जाएगा। उस समय चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण सरकार की ओर से यही संदेश दिया गया कि मुख्यमंत्री ने कॉलेज निर्माण का भरोसा देकर ग्रामीणों से धरना समाप्त करवाया है।

उन्होंने कहा कि 14 मई को चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद यह अपेक्षा थी कि मुख्यमंत्री कार्यालय रामगढ़ भगवानपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज निर्माण की औपचारिक घोषणा करेगा, लेकिन हाल ही में हुई हरियाणा कैबिनेट बैठक में भी इस संबंध में कोई प्रस्ताव सामने नहीं आया।

वेदप्रकाश विद्रोही ने सवाल उठाया कि चुनाव आचार संहिता के दौरान दिए गए मुख्यमंत्री के आश्वासन की अब तक औपचारिक घोषणा क्यों नहीं की गई। उन्होंने पूछा कि रामगढ़ भगवानपुर में आयुर्वेदिक कॉलेज बनाने की कानूनी प्रक्रिया कब शुरू होगी और यह परियोजना कब तक धरातल पर उतरेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह आश्वासन केवल राजनीतिक जुमला था या वास्तविक घोषणा, इस पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय को विधिवत घोषणा करके कॉलेज निर्माण की कानूनी प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए, ताकि अहीरवाल क्षेत्र में भाजपा सरकार की अन्य घोषणाओं की तरह यह घोषणा भी वर्षों तक केवल कागजों तक सीमित न रह जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!