डीएलएसए सचिव निशा ने जिला सैनिक बोर्ड स्थित विधिक सहायता क्लिनिक का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*विधिक जागरूकता कार्यक्रम बढ़ाने पर दिया गया बल*

गुरुग्राम, 19 मई- हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार एवं नरेंद्र सूरा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम के मार्गदर्शन में मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुरुग्राम निशा द्वारा जिला सैनिक बोर्ड गुरुग्राम स्थित विधिक सहायता क्लिनिक का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान निशा ने विधिक सहायता क्लिनिक में उपलब्ध सेवाओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत की तथा अभिलेखों के रख-रखाव, निशुल्क विधिक सेवाओं की उपलब्धता और पूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को दी जा रही विधिक जानकारी संबंधी व्यवस्था की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि विधिक सहायता क्लिनिक सशस्त्र बलों से जुड़े लोगों को आसान और निशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत मिलने वाली योजनाओं और सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक पहुंचाई जाए।

इसके अलावा जिला सैनिक बोर्ड के अधिकारियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम के साथ समन्वय बनाकर पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम और आउटरीच गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रेरित किया गया।

यह निरीक्षण जरूरतमंद लोगों तक प्रभावी विधिक सेवाएं पहुंचाने और विधिक सहायता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!