अपराधियों पर गुरुग्राम पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, बादशाहपुर में अवैध निर्माण ध्वस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तीन गंभीर मामलों में नामजद आरोपी का 150 वर्ग गज में बना अवैध मकान गिराया गया

गुरुग्राम, 18 मई। अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांव बादशाहपुर में एक आरोपी द्वारा अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त कर सख्त संदेश दिया है कि अपराध और अवैध कब्जों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस को मिली पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर गांव बादशाहपुर में अवैध निर्माण की पहचान की गई। इसके बाद जिला प्रशासन के समन्वय से अपराध शाखा मानेसर की टीम ने मशीनरी की सहायता से अवैध रूप से निर्मित मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंद्रजीत निवासी बादशाहपुर ने करीब 150 वर्ग गज भूमि पर अवैध निर्माण कर रखा था। आरोपी पर अवैध वसूली और एक्सप्लोसिव एक्ट सहित तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे अभियान में कानून व्यवस्था बनाए रखी गई। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था कायम रखने और आम नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेंगे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ खुफिया सूचना आधारित कार्रवाई भविष्य में भी तेज की जाएगी, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!