योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर गुरुग्राम में विशेष स्वास्थ्य एवं योग शिविरों का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आयुष विभाग की सभी व्यायामशालाओं में होंगे नियमित शिविर, योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश

गुरुग्राम। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल एवं भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत जिला गुरुग्राम में आयुष विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य एवं योग शिविरों की श्रृंखला शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले की सभी व्यायामशालाओं में नियमित रूप से स्वास्थ्य एवं योग शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक योग और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

विशेष अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन एक व्यायामशाला में स्वास्थ्य एवं योग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में रविवार को व्यायामशाला इकबालपुर में विशेष स्वास्थ्य एवं योग शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

शिविर के दौरान डॉ. अंजली मलिक ने उपस्थित लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “Yoga for Wellness, Wisdom and World Peace” पर आधारित प्रेरणादायक व्याख्यान आयोजित किया गया। वक्ताओं ने योग को केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार बताते हुए उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

शिविर में प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य लोगों में शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम के दौरान योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई और लोगों को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयुष विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा तथा जिले की प्रत्येक व्यायामशाला में इसी प्रकार के स्वास्थ्य एवं योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नागरिक अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भाग लें और योग एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ, सशक्त एवं निरोग जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!