हरियाणा सरकार ने किए बड़े प्रशासनिक फेरबदल, 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 17 मई। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार तत्काल प्रभाव से 20 आईपीएस अधिकारियों की नई नियुक्तियां और जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

जारी सूची के अनुसार एडीजीपी स्तर से लेकर एसपी स्तर तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार ने कई जिलों और महत्वपूर्ण शाखाओं में बदलाव करते हुए पुलिस प्रशासन में नई ऊर्जा लाने का प्रयास किया है।

सूची के अनुसार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एस.एन. चारी को एडीजीपी, भोंडसी कॉम्प्लेक्स गुरुग्राम नियुक्त किया गया है। वहीं डा. ममता रानी को एडीजीपी, स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो लगाया गया है। एस.के. राव को एडीजीपी, आरटीसी भोंडसी तथा एस. वासुकी को एडीजीपी एडमिनिस्ट्रेशन, पीएचक्यू की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी प्रकार एस. शशांक कुमार सावन को पुलिस आयुक्त गुरुग्राम नियुक्त किया गया है। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नरेट में यह बदलाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावा पी. साईनाथ को आईजीपी करनाल रेंज, मनोज कुमार को आईजीपी आरटीसी मधुबन तथा पी. कृष्णा मूर्ति को आईजीपी आरटीसी भोंडसी लगाया गया है।

सरकार ने हिसार, पंचकूला, रोहतक, फरीदाबाद और मधुबन समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली हैं। दीपक गहलावत को डीआईजी एचएसएनसीबी, श्रीनिवास गुड्डे को डीआईजी एससीबी पंचकूला तथा एम. आदित्य प्रताप सिंह को एसपी, एवी एंड एसीबी हिसार नियुक्त किया गया है।

इसके अतिरिक्त कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए नई पोस्टिंग दी गई हैं। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि ये तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इन तबादलों को आगामी कानून व्यवस्था की चुनौतियों और प्रशासनिक मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। खासकर गुरुग्राम, करनाल और पंचकूला जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में किए गए बदलावों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!