राज्य में किसानों से जुड़ी योजनाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार किया जा रहा है कार्य- श्याम सिंह राणा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रदेश में अब तक 7,33,083 किसानों की बन चुकी है किसान आईडी

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा सरकार की करी सराहना-कहा ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ एक अनुकरणीय पहल

चंडीगढ़, 1 अप्रैल – हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य में किसानों से जुड़ी योजनाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। हरियाणा में पीएम किसान के कुल 20,82,596 किसान लाभार्थी हैं, जिनमें से 16,33,297 किसानों के खाते सक्रिय हैं। अब तक 7,33,083 किसानों की किसान आईडी बनाई जा चुकी है, जो कुल काम का लगभग 45 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने यह बात आज केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों की किसान आईडी व खाद विषय को लेकर आयोजित बैठक में चण्डीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कही।

श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल के माध्यम से राज्य में किसानों का पूरा रिकॉर्ड पहले ही तैयार किया जा चुका है। इस पोर्टल पर यह जानकारी उपलब्ध है कि जमीन मालिक की है या बटाई पर, और खेत में कौन सी फसल बोई गई है।

किसानों को उनकी फसल के अनुसार ही दी जाती है खाद

उन्होंने बताया कि अब खाद की आपूर्ति को भी इसी पोर्टल से जोड़ दिया गया है। इसके तहत किसानों को उनकी फसल के अनुसार ही खाद दी जाती है, जिससे जरूरत के हिसाब से सही मात्रा में खाद मिल सके। पहले खाद आधार कार्ड के आधार पर दी जाती थी, जिससे उसका सही उपयोग सुनिश्चित नहीं हो पाता था। लेकिन अब खाद केवल उसी किसान को मिलती है जिसके पास जमीन है, जिससे दुरुपयोग पर रोक लगी है।

केंद्र सरकार की खाद सब्सिडी में हरियाणा को करीब 500 करोड़ रुपये से अधिक की हुई बचत

श्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि इस नई व्यवस्था से खाद के सही उपयोग को बढ़ावा मिला है और अनावश्यक खपत कम हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि फसल और उसकी खाद की जरूरत का पूरा पूर्व रिकॉर्ड तैयार हो जाए, तो खाद का और बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार केंद्र सरकार की खाद सब्सिडी में हरियाणा को करीब 500 करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई है, जो इस नई व्यवस्था की सफलता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जल्दी किसानों की भलाई के लिए जन जागरण अभियान चलाया जायेगा। जिसमे विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक, आईसीआर के वैज्ञानिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी गांव-गांव में जाकर कृषि और इससे सम्बंधित क्षेत्रों की जो भी योजनाए और कृषि में नवीनतम तकनीक के बारे में जानकारी देंगे ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को दी बधाई

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा सरकार की सराहना करते हुए कहा कि ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ एक अनुकरणीय पहल है। इससे खाद के संतुलित उपयोग और सरकारी संसाधनों की बचत का रास्ता दिखता है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा को इस पहल के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि इस मॉडल को पूरे देश में लागू किया जा सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!