मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के तहत आरडी सिटी वेंडिंग जोन में जागरूकता अभियान आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को दिलाई स्वच्छता शपथ, सिंगल यूज प्लास्टिक व आगजनी से बचने का आह्वान

गुरुग्राम, 28 जनवरी। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम अभियान के अंतर्गत वॉर्ड नंबर 21, जोन 4 स्थित आरडी सिटी वेंडिंग जोन में एक विशेष स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और आम नागरिकों को स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी, बुलंद आवाज़ वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्षा प्रिंका यादव तथा वॉर्ड नंबर 21 के सहायक सफाई निरीक्षक विकास खटाना मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कुलदीप हिन्दुस्तानी ने उपस्थित रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने, कचरे का सही निस्तारण करने तथा प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों जैसे कचरा जलाने (आगजनी) से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बना सकते हैं।

श्रीमती प्रिंका यादव ने भी लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास साफ-सफाई रखें और नगर निगम के स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। वहीं, विकास खटाना ने वेंडिंग जोन में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने और विक्रेताओं से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं एवं नागरिकों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्होंने गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। यह जागरूकता अभियान स्थानीय स्तर पर सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ नागरिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें