स्वच्छता व पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम की सख्ती 8 दिनों में 317 चालान, 4 लाख रूपए से अधिक का जुर्माना वसूला

कचरा जलाने, निर्माण नियम उल्लंघन, पॉलीथिन उपयोग और गंदगी फैलाने पर हुई कार्रवाई

गुरुग्राम, 28 जनवरी। शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक अनुशासन को लेकर नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 20 जनवरी से 28 जनवरी के बीच कुल 317 चालान किए गए। इस दौरान विभिन्न उल्लंघनों के मामले में 4 लाख रूपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार यह अभियान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, कचरा जलाने, अवैध निर्माण गतिविधियों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। अभियान के दौरान सबसे अधिक चालान पॉलीथिन के उपयोग को लेकर किए गए, जो प्लास्टिक प्रतिबंध नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है। इसके अलावा कचरा जलाने और निर्माण सामग्री को ढके बिना ढोने जैसे मामलों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई।

नगर निगम की टीमों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में 52 ऐसे उल्लंघनकर्ताओं के चालान किए गए हैं, जो अपने यहां डस्टबिन रखने की बजाए खुले में कचरा फैला रहे थे। इन उल्लंघनकर्ताओं पर 26 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसके अतिरिक्त कचरा जलाने पर के मामले में 12 उल्लंघनकर्ताओं पर 60,000 रूपए, सीएंडडी डंपिंग के मामले में 25 उल्लंघनकर्ताओं पर 59,500 रूपए, कचरा फेंकने के मामले में 10 उल्लंघनकर्ताओं पर 5,000 रुपए, प्रतिबंध के बावजूद निर्माण कार्य न रोकने पर 7 उल्लंघनकर्ताओं पर 1,10,000 रूपए, बिना ढके वाहन से निर्माण सामग्री ले जाने पर 1 उल्लंघनकर्ता पर 5,000 रुपए, पानी की बर्बादी करने पर 7 उल्लंघनकर्ताओं पर 14,000 रुपए तथा पॉलीथिन उपयोग के मामले में 203 उल्लंघनकर्ताओं पर 1,21,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

निगमायुक्त ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जलाने और खुले में मलबा फेंकने से न केवल प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीएंडडी वेस्ट डंपिंग और गार्बेज बर्निंग पर सख्ती बढ़ाई गई है। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले मामलों में भी चालान किए गए। उन्होंने शहर वासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, प्लास्टिक का उपयोग न करें, और निर्माण व घरेलू कचरे का सही निस्तारण सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!