जिला के किसान जल्द बनवाएं एग्रीस्टैक फार्मर आईडी : डीसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*फार्मर आईडी को लेकर जिला के सभी गांवों में लगाए जा रहे शिविर, आईडी बनाने में जुटी विभागीय टीमें*

गुरुग्राम, 28 जनवरी। डीसी अजय कुमार ने कहा कि एग्रीस्टैक फार्मर आईडी प्रत्येक किसान के लिए अनिवार्य है। इस आईडी के बनने के बाद ही किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि फार्मर आईडी को लेकर जिले के सभी गांवों में विभागीय टीमों द्वारा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ फार्मर आईडी बनाने का कार्य लगातार जारी है।

डीसी ने किसानों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों में जल्द से जल्द एग्रीस्टैक फार्मर आईडी बनवाएं और इस कार्य में टीमों का सहयोग करें। साथ ही अन्य किसानों को भी फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ एग्रीस्टैक फार्मर आईडी के माध्यम से ही दिया जाएगा।

*फार्मर आईडी से इन योजनाओं का मिलेगा लाभ*

डीसी ने बताया कि फार्मर आईडी बनाने का मुख्य उद्देश्य किसानों की पहचान को सुरक्षित करना और उन्हें सरकारी सेवाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए अधिकारी मिशन मोड में कार्य करें ताकि प्रत्येक किसान की एग्रीस्टैक फार्मर आईडी बन सके। उन्होंने बताया कि भविष्य में बैंक ऋण, पीएम किसान सम्मान निधि, फसल क्षतिपूर्ति, खाद-बीज तथा विभिन्न कृषि अनुदान आधारित योजनाओं का लाभ एग्रीस्टैक फार्मर आईडी के माध्यम से ही दिया जाएगा।

*इन दस्तावेजों से बनेगी किसानों की फार्मर आईडी*

डीसी ने बताया कि एग्रीस्टैक फार्मर आईडी बनवाने के लिए किसानों को मोबाइल नंबर से लिंक आधार कार्ड, पिछली फसल के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पंजीकरण की प्रति या जमीन से संबंधित फर्द साथ लाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि किसान स्वयं भी एग्रीस्टैक फार्मर आईडी के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें