रोहतक, महेंद्रगढ़, झज्जर की जिला कार्यकारिणी का गठन

चंडीगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने ग्रामीण भारत की आजीविका और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान को और अधिक प्रभावी एवं संगठित बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इसके तहत देशभर के विभिन्न राज्यों में समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में हरियाणा प्रदेश के लिए भी समन्वयक नियुक्त किया गया है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी हाईकमान के दिशा-निर्देशों तथा हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद की देखरेख में लखन सिंगला को हरियाणा का समन्वयक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके निरंतर समर्पण, संगठनात्मक क्षमता और जनहित के मुद्दों—विशेषकर श्रमिकों, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों—के प्रति उनकी सक्रिय व प्रतिबद्ध भूमिका को देखते हुए की गई है।

राव नरेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि लखन सिंगला ने पिछले विधानसभा चुनाव में फरीदाबाद क्षेत्र से कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। वे लंबे समय से जनसेवा से जुड़े रहे हैं और ज़मीनी स्तर पर उनका मजबूत जनाधार है। उनकी संगठनात्मक समझ और जन-संघर्ष का अनुभव इस अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि लखन सिंगला की जिम्मेदारी से हरियाणा में “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान को नई दिशा, गति और मजबूती मिलेगी। यह अभियान केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर करने अथवा उसके मूल स्वरूप को बदलने की कथित कोशिशों के खिलाफ निर्णायक आवाज बनेगा। ग्रामीण श्रमिकों, गरीब परिवारों और मेहनतकश वर्ग के काम के संवैधानिक अधिकार की रक्षा के लिए यह संघर्ष अहम साबित होगा।
कांग्रेस पार्टी का मानना है कि यह अभियान प्रदेशभर में जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को उसके अधिकार-आधारित मूल स्वरूप में बनाए रखने की लड़ाई को और सशक्त करेगा। गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक पहुंचकर कार्यकर्ता ग्रामीण भारत की आवाज को बुलंद करेंगे।

यह नियुक्ति न केवल अभियान के लिए बल्कि हरियाणा में संगठनात्मक मजबूती और ग्रामीण मजदूरों के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम है।
जिला कार्यकारिणी गठन
वही संगठन विस्तार को लेकर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नई जानकारी साझा करते हुए बताया कि महेंद्रगढ़, झज्जर तथा रोहतक शहरी जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी को उन्होंने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इससे पूर्व, कुल 20 जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शेष 10 जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी का गठन भी अत्यंत शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
यह कदम पार्टी के ‘संगठन सृजन अभियान’ का हिस्सा है, जिसके तहत 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जिला स्तर पर संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह प्रयास जमीनी स्तर पर पार्टी की एकजुटता और चुनावी तैयारियों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
हरियाणा कांग्रेस इस संगठनात्मक विस्तार के माध्यम से आगामी चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार हो रही है।







