नशे के खिलाफ अभियान से उज्ज्वल होगा देश एवं युवाओं का भविष्य: कर्मवीर सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पिंजौर गार्डन से ‘नशीली दवाओं को कहें ना’ अभियान के तहत बाइक रैली को झंडी दिखाकर किया रवाना

चंडीगढ़, 25 जनवरी- हरियाणा राज्य सूचना आयुक्त श्री कर्मवीर सैनी ने कहा कि समाज में नशा एक बड़ा अभिशाप है, नशे के खिलाफ अभियान चलाने से देश और युवाओं का भविष्य उज्जवल होगा। आईईसी विश्वविद्यालय बद्दी (हि.प्र.) ‘नशीली दवाओं को कहें ना’ अभियान चलाकर युवाओं एवं समाज को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा है, निश्चित रूप से भविष्य में इसके बड़े सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी रविवार को पिंजौर गार्डन में ‘नशीली दवाओं को कहें ना’ अभियान के तहत आयोजित बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के उपरांत बोल रहे थे। यह जागरूकता रैली आईईसी विश्वविद्यालय बद्दी (हिमाचल प्रदेश) द्वारा दिल्ली से बद्दी तक निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप बन चुका है, जो विशेष रूप से युवा पीढ़ी को अपनी चपेट में ले रहा है। यदि समय रहते इसके खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इसका दुष्परिणाम पूरे समाज को भुगतना पड़ेगा। ऐसे में आईईसी विश्वविद्यालय द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत सराहनीय है, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के निरंतर प्रयासों से भविष्य में समाज में बड़े सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे प्रदेश में आज रक्तदान शिविर, नशे के खिलाफ जागरूकता संगोष्ठियां, खेल प्रतियोगिताएं, पौधारोपण जैसे अनेक सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य समाज को स्वस्थ, सशक्त और जागरूक बनाना है।

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक बुराइयों को जड़ से समाप्त करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। नशा, भ्रष्टाचार और अन्य सामाजिक समस्याओं के खिलाफ सरकार ने सख्त नीति अपनाई है, ताकि एक बेहतर और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके। इसके साथ ही प्रदेश सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रही है, जिससे हरियाणा विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर अपने जीवन को लक्ष्य और मेहनत के साथ आगे बढ़ाएं। युवा ही देश की असली ताकत हैं और उनके स्वस्थ व जागरूक होने से ही देश का भविष्य सुरक्षित हो सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!