व्यवधान की स्थिति में उसी दिन सायं रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य
गुरुग्राम, 24 जनवरी 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक श्री विक्रम सिंह ने भविष्य में सभी रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी अब स्वीकार्य नहीं होगी तथा इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रबंध निदेशक ने निर्धारित समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत न किए जाने पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रातः रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन देर शाम तक भी पूर्ण रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं अस्वीकार्य है। इस संबंध में निदेशक (ऑपरेशन) विपिन गुप्ता को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि यदि कोई अधिकारी समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करता है, तो इस पर त्वरित संज्ञान लिया जाए।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्रबंध निदेशक ने संबंधित शाखाओं को अपनी कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराया कि यह एक स्थायी निर्देश है कि वर्षा, आंधी अथवा किसी भी प्रकार के व्यवधान की स्थिति में उसी दिन सायं तक विस्तृत रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। यदि किसी क्षेत्र में विद्युत लाइनें अथवा अन्य व्यवस्थाएं बाधित रहती हैं, तो उनकी मरम्मत की स्थिति एवं प्रगति रिपोर्ट अगले दिन दोपहर तक उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।








