आजादी के लिए नेताजी के बलिदान को देश सदा याद रखेगा : मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 23 जनवरी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं के साथ सोनीपत में नेताजी सुभाष चंद बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का पराक्रम, त्याग और राष्ट्रभक्ति सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। श्री बड़ौली ने कहा कि आज पूरा देश भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, आज़ाद हिंद फ़ौज के संस्थापक और भारत माँ के वीर सपूत नेताजी सुभाषचंद्र बोस की स्मृति में पराक्रम दिवस मना रहा है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए नेताजी के बलिदान को देश सदा याद रखेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सुभाषचंद्र बोस का त्यागपूर्ण जीवन और विशाल व्यक्तित्व देश के प्रति संघर्ष, समर्पण और स्वाभिमान के लिए सर्वस्व अर्पण करने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान नेताजी ने तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा, जय हिंद जैसे नारों से प्रत्येक भारतवासी के मन में जोश पैदा कर दिया था। उन्होंने कहा कि देश की एकता अखंडता और मजबूती के लिए यह नारा आज भी प्रासंगिक है।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि नेताजी ने देश की आजादी के लिए अपने व्यक्तिगत जीवन के सुख-सुविधाओं का त्याग किया और अंतिम समय तक संघर्ष करते रहे। नेताजी के महान बलिदान से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय एकता और भारत के नव निर्माण के लिए कार्य करना होगा।

श्री बड़ौली ने कहा कि नेताजी निस्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा करने के लिए भारत की शक्ति, प्रेरणा , अदम्य साहस और प्रबल भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं यह महान क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। श्री बड़ौली ने कहा कि नेताजी ने कहा था हम भारत को आत्मनिर्भर बनाकर ही सभी समस्याओं को दूर कर सकते हैं।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी और नायब सैनी सरकार नेताजी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए देश और प्रदेश को आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि आज हम राष्ट्र को समृद्ध, उन्नत, अखण्ड तथा आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करने का संकल्प लें, यही नेता जी सुभाष चन्द्र बोस को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!