चरखी दादरी जयवीर फौगाट,

13 दिसंबर, संयुक्त किसान मोर्चा ने हरियाणा के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल द्वारा किसान आंदोलन और आंदोलनकारियों के बारे में शर्मनाक और अशोभनीय टिप्पणियां करने की घटिया करतूतों की निन्दा है। संयुक्त किसान मोर्चा भिवानी के वरिष्ठ सदस्य कमल सिंह प्रधान, कामरेड ओमप्रकाश, दलिप सिंह सांगवान व बलबीर सिंह बजाड़ ने संयुक़्त ब्यान जारी करते हुए कहा कि गत रविवार को लोहारू के कुछ गांवों में लोगों को संबोधित करते हुए कृषि मन्त्री ने  किसान आंदोलन की आलोचना करते हुए कहा कि यह कुर्सी के काटे हुए बहरूपियों द्वारा किया आंदोलन था और टोल पर बैठने वाले बुजुर्गों और अन्य लोगों को शराबखोर व चंदाखोर जैसे घोर निंदनीय शब्द कहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए उनके भाषण की ओछी टिप्पणियों से उन शहीद किसानों व मजदूरों का भी अपमान हुआ है जिन्होंने टोलों पर अपने प्राण त्याग दिए।

संयुक्त मोर्चा ने कहा है कि जय प्रकाश दलाल द्वारा आन्दोलन करने वालों पर विशेष हमला करते हुए उन पर ऊल जलूल आरोप लगाकर किसान मजदूरों द्वारा संयुक्त आंदोलन के दौरान शानदार भूमिका पर कीचड़ उछाला है। ब्रिटिश साम्राज्यवाद, सामंतवाद और अब मोदी शासन की कारपोरेट परस्त नीतियों के खिलाफ संघर्ष में मेंहनतकश जनता के हितों के लिए किए जा रहे संघर्षों से बौखला कर मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी विधान सभा में अपनी बौखलाहट का प्रदर्शन कर चुके हैं जो ब्यान बाद में उन्हें मजदूर प्रतिनिधियों के सामने वापिस लेना पड़ा था।

संयुक्त किसान मोर्चा और युवा कल्याण संगठन ने किसानों व मजदूरों की तमाम समस्याओं के लिए सबसे मिलकर संघर्ष करने की अपनी वचनबद्धता को दोहराते हुए सभी किसान-मजदूर संगठनों से अपील की है कि कृषि मंत्री के निम्न स्तर के बयानों की निन्दा करें ताकि उन्हें अपने उस आचरण के लिए माफी मांगनी पड़े जिनसे मंत्री जैसे संवैधानिक पद की गरिमा और दर्जे को भी चोट पहुंची है।