एमडीयू-सीपीएएस, गुरुग्राम में 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर युवाओं ने संसदीय कार्यवाही का किया जीवंत प्रदर्शन

गुरुग्राम, 25 नवंबर। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज आवश्यकता है कि लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए। यही भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह विचार राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बुधवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज (सीपीएएस), गुरुग्राम में आयोजित 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।

राष्ट्रीय संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस युवा संसद का आयोजन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में किया गया।

मुख्य अतिथि सुभाष बराला ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सपनों के अनुरूप लैंगिक समानता, सामाजिक समरसता और समावेशी समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा मॉडल संसद की प्रभावशाली प्रस्तुति और संसदीय कार्यवाही के जीवंत प्रदर्शन की सराहना की।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के श्रेष्ठ संविधानों में से एक है। युवाओं को संविधान की प्रमुख विशेषताओं का अध्ययन करने के साथ उसमें निहित संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि भारतीय संविधान ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित भारत का विजन प्रस्तुत किया है। विद्यार्थियों एवं युवाओं को संकल्प लेना चाहिए कि वे संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण का आधार और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाएंगे।

कुलपति ने युवाओं से जागरूक नागरिक, जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता और भारतीय लोकतंत्र के गौरवशाली प्रतिनिधि बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को एक सशक्त, समावेशी, समृद्ध एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अतुलनीय योगदान तथा विशेष रूप से वंचित एवं कमजोर वर्गों के लिए संवैधानिक सुरक्षा प्रावधान सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. करमबीर गिल तथा युवा संसद की ग्रुप कोऑर्डिनेटर डॉ. शालिनी शर्मा ने भी अपने विचार साझा किए। एमडीयू-सीपीएएस की निदेशक प्रो. कविता ढुल ने स्वागत भाषण दिया। राष्ट्रीय युवा संसद के संयोजक प्रो. अनुपम कुरवाल ने मॉडल युवा संसद की अवधारणा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। डॉ. विजय राठी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। डॉ. कविता दहिया एवं डॉ. सुनील खरब ने कार्यक्रम का गरिमापूर्ण संचालन किया।

युवा संसद के समापन पर निर्णायक मंडल ने छह विद्यार्थियों मेगन, अंशिका, अक्ष, मोहम्मद जुनेद, कार्तिकेय शुक्ला और संदीप भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ छह वक्ताओं के रूप में घोषित किया।

इस अवसर पर हरियाणा लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. पवन, अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. रणदीप राणा, कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन सीडीसी प्रो. राजेश पुनिया तथा निदेशक जनसंपर्क सुनीत मुखर्जी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें