संविधान और विकसित हरियाणा पर सार्थक चर्चा होगी : हरविन्द्र कल्याण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 25 नवंबर – हरियाणा विधान सभा की ओर से 26 नवंबर को बुलाए गए विशेष सत्र के बीच संविधान को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण सभी सदस्यों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाएंगे तथा उन्हें संविधान की हिंदी और अंग्रेजी की प्रतियां भेंट करेंगे।

विधान सभा अध्यक्ष अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे निर्धारित विषय पर  सार्थक व गंभीर चर्चा कर इस समय का प्रदेश हित में उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सत्र का विषय ‘हरियाणा की 60 वर्षों की गौरवमयी विकास-यात्रा तथा विकसित हरियाणा के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी तथा नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका’ रहेगा।

सत्र के शुभारंभ से पूर्व विधान सभा परिसर में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे शोक प्रस्तावों के साथ प्रारंभ होगी। 11 बजकर 10 मिनट पर कार्य सलाहकार समिति की बैठक होगी। इसके बाद सभी गणमान्य व्यक्ति विधान भवन के पुस्तकालय के सम्मुख स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा संविधान की प्रति पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। 11:30 बजे विधान भवन के बाहर सेरेमोनियल गेट के समीप संविधान को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर दिनेश कुमार व्याख्यान देंगे। कार्यक्रम में संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा, संविधान निर्माताओं के योगदान और संविधान में निहित मूल्यों पर केंद्रित डॉक्यूमेंटरी फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। दोपहर 12:30 बजे सदन की कार्यवाही पुनः प्रारंभ होगी।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि विशेष सत्र का उद्देश्य संविधान के मूल्यों के प्रति जनप्रतिनिधियों की विकास यात्रा के प्रति प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करना तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास और सम्मान को और मजबूत करना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संविधान दिवस पर आयोजित यह विशेष सत्र सभी सदस्यों को संवैधानिक आदर्शों व सदन की मर्यादा के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने और देश तथा प्रदेश के लोकतांत्रिक भविष्य को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें