पांच सदस्यीय समिति निर्धारित करेगी पात्रता; संस्थाओं की प्रमाणित सूची भी तैयार करेगी
चंडीगढ़, 25 नवंबर-’हरियाणा सरकार ने हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 और नियम, 2025 के दायरे में शामिल की जाने वाली संस्थाओं की पात्रता का निर्धारण करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का पुनर्गठन किया है।
इस संबंध में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। यह समिति अधिनियम की धारा 2(एफ) के तहत प्राधिकरण की परिभाषा में विभिन्न संस्थाओं को शामिल करने के लिए विशिष्ट एवं वस्तुनिष्ठ पात्रता मानदंड निर्धारित करेगी। इसके साथ ही, समिति अधिनियम के दायरे में आने के लिए पात्र संस्थाओं की प्रमाणित सूची भी तैयार करेगी।
पुनर्गठित समिति की अध्यक्षता वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव करेंगे, जबकि संबंधित संगठन के प्रशासनिक सचिव समिति के सदस्य होंगे। मानव संसाधन विभाग के विशेष सचिव को समिति का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त, महाधिवक्ता, हरियाणा का प्रतिनिधि, जो अतिरिक्त महाधिवक्ता से नीचे के पद का नहीं होगा, समिति में विधिक सदस्य के रूप में शामिल होगा। भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि श्री पवन कुमार को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।








