विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया अभियान, पकड़े गए स्ट्रीट डॉग्स का किया जा रहा टीकाकरण और बंध्याकरण

गुरुग्राम, 25 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में खुले में घूमने वाले पशुओं और स्ट्रीट डॉग्स के उचित प्रबंधन को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को निगम की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए खुले में घूमने वाले 37 पशुओं को पकड़ा और उन्हें सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में भेजा।

इसके अतिरिक्त, निगम की टीमों ने सेक्टर-52 और सेक्टर-12/12ए से 17 स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ा। पकड़े गए डॉग्स का निर्धारित प्रक्रिया के तहत टीकाकरण एवं बंध्याकरण किया जा रहा है। नगर निगम की टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण यातायात एवं आमजन की सुरक्षा प्रभावित न हो। वहीं, स्ट्रीट डॉग्स के प्रबंधन के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
पशु प्रबंधन और जनसुरक्षा पर विशेष ध्यान: निगमायुक्त
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि शहर में खुले में घूमने वाले पशुओं और स्ट्रीट डॉग्स का उचित प्रबंधन नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। हमारा प्रयास है कि पशुओं के प्रबंधन के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। संबंधित अधिकारियों और टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान को निरंतर जारी रखें तथा पशुओं के साथ मानवीय व्यवहार करते हुए निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करें।
निगमायुक्त ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उनकी उचित देखभाल करें। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने तथा पशुओं से संबंधित समस्याओं की सूचना निगम को देने का आग्रह किया।








