निगमायुक्त डॉ. पंकज ने 30 से अधिक आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों से किया संवाद, नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान के अधिकारियों को निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सफाई, कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सड़क, सीवर और पार्कों से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा, संयुक्त आयुक्तों और कार्यकारी अभियंताओं को आरडब्ल्यूए के साथ नियमित संपर्क रखने के निर्देश

गुरुग्राम, 25 नवंबर। शहर की नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने बुधवार को 30 से अधिक रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद किया। बैठक में यूजीआर सहित विभिन्न क्षेत्रों के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने इलाकों की समस्याएं निगमायुक्त के समक्ष रखीं।

इस दौरान सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, सामुदायिक केंद्रों, बागवानी, पार्कों, सड़कों और सीवर व्यवस्था से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में आ रही समस्याओं से निगमायुक्त को अवगत कराया।

अधिकारियों को आरडब्ल्यूए के साथ नियमित संपर्क रखने के निर्देश

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सभी संयुक्त आयुक्तों और कार्यकारी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की आरडब्ल्यूए के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद से क्षेत्रवार समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान में तेजी लाने में मदद मिलेगी।

नागरिकों की भागीदारी से बेहतर होंगी शहर की सुविधाएं: निगमायुक्त

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की समस्याओं और नागरिकों की अपेक्षाओं से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए उनके सुझाव और फीडबैक हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आरडब्ल्यूए के साथ नियमित समन्वय रखें और सामने आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान करें। हमारा प्रयास है कि केवल शिकायतों का निस्तारण ही नहीं, बल्कि नागरिकों को धरातल पर बेहतर सुविधाओं का अनुभव भी हो।

उन्होंने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से भी कहा कि वे क्षेत्र की समस्याओं और सुधार संबंधी सुझावों को निगम के साथ साझा करते रहें, ताकि आपसी समन्वय और जनभागीदारी से गुरुग्राम की नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें