केमिकल सेफ्टी टैंक हादसे में तीन सफाई कर्मचारियों की मौत पर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने लिया संज्ञान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, कंपनी प्रबंधन को पीड़ित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा देने के निर्देश

गुरुग्राम, 25 नवंबर। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल ने गुरुग्राम में 11 नवंबर को भौंडसी स्थित एक कंपनी के केमिकल सेफ्टी टैंक में जांच के दौरान तीन कर्मचारियों की हुई मृत्यु के मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने संबंधित कंपनी के परिसर में पहुंचकर हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कंपनी प्रबंधन और मृतक कर्मचारियों के परिजनों के साथ संयुक्त बैठक कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की तथा पीड़ित परिवारों को न्याय एवं नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश दिए।

डॉ. सुषमा गोरियाल ने कंपनी प्रबंधन को निर्देश दिए कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों की पूर्ण अनुपालना करते हुए मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को निर्धारित मुआवजा उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना के तहत पात्र मृतक सफाई कर्मचारियों के परिवारों को 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। इसलिए मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कंपनी अपने सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत करे। उन्होंने कहा कि आयोग इस मामले में पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने तथा जिम्मेदार पक्षों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा।

इस दौरान गुरुग्राम नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल, एसीपी कुलदीप, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान, तहसील कल्याण अधिकारी जितेंद्र तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें