सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें अधिकारी : डॉ. सुषमा गोरियाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य ने गुरुग्राम में अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, सफाई कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े कार्यों की ली जानकारी

डॉ सुषमा गोरियाल ने कहा, प्रधानमंत्री ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाकर सफाई कर्मचारियों के सम्मान को दी नई पहचान

गुरुग्राम, 25 नवंबर। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज और शहर की स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित अधिकारी सफाई कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। डॉ गोरियाल बुधवार को गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं।

बैठक के दौरान डॉ. सुषमा गोरियाल ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कर्मचारियों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए तथा उनके लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं। सफाई कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनका उपयोग भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक उत्थान के साथ-साथ उनके परिवारों के कल्याण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

आयोग की सदस्य ने कहा कि सीवर की सफाई के दौरान किसी भी कर्मचारी की जान जोखिम में नहीं पड़नी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों की पूरी तरह पालना की जाए। सीवर सफाई के दौरान किसी कर्मचारी की मृत्यु होने की स्थिति में उसके आश्रित परिवार को निर्धारित मुआवजा तय समय सीमा में उपलब्ध करवाया जाए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को मिलने वाली अन्य सरकारी सहायता और पुनर्वास संबंधी लाभ भी सुनिश्चित किए जाएं।

डॉ. सुषमा गोरियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप मिला है और सफाई कर्मचारियों के सम्मान एवं उनके जीवन स्तर में सुधार को विशेष महत्व दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। प्रधानमंत्री ने स्वयं सफाई कर्मचारियों के साथ संवाद कर और उनके सम्मान को प्राथमिकता देकर समाज को यह संदेश दिया है कि राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग, कर्मचारियों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और अधिकारियों को भी इन प्रयासों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना चाहिए।

बैठक में गुरुग्राम नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल, एसीपी कपिल, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान, डिप्टी डीईओ गीता आर्य, एलडीएम विनोद बजाज, तहसील कल्याण अधिकारी जितेंद्र, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें