गुरुग्राम में नियमों की अनदेखी करने वालों पर एमसीजी की सख्ती, 25 दिनों में 1420 चालान और 52.42 लाख का जुर्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पॉलीथिन के इस्तेमाल पर 576, कूड़ा जलाने पर 109 और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर 227 चालान, निर्माण कार्यों में नियमों की अवहेलना पर भी कड़ी कार्रवाई

गुरुग्राम, 25 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 1 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक निगम की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग उल्लंघनों के मामलों में कुल 1420 चालान जारी किए हैं, जिनके माध्यम से 52,42,400 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक 576 चालान प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल के मामलों में किए गए, जिन पर 4,56,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने के 227 मामलों में 22,700 रुपए तथा डस्टबीन उपयोग नहीं करने के 189 मामलों में 94,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

इसी प्रकार, कूड़ा जलाने के 109 मामलों में 5,45,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। पानी की बर्बादी के 74 मामलों में 1,25,500 रुपए, निर्माण संबंधी नियमों का पालन नहीं करने के 45 मामलों में 15,40,000 रुपए तथा बिना ढके निर्माण सामग्री ले जाने के 23 मामलों में 1,15,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

निर्माण और प्रदूषण नियंत्रण नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

धूल नियंत्रण संबंधी निगमायुक्त के आदेशों की अवहेलना के 59 मामलों में 14,75,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। सीएंडडी वेस्ट के 21 मामलों में 4,40,000 रुपए तथा कूड़ा फैलाने/डंपिंग और स्टॉर्म ड्रेन में अवैध कनेक्शन से संबंधित 21 मामलों में 2,10,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अतिरिक्त, नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने के 46 मामलों में 9,200 रुपए के चालान किए गए।

निगम की कार्रवाई में खुले में शौच के 16 मामलों में 8,000 रुपए, सेप्टेज संबंधी उल्लंघन के 2 मामलों में 50,000 रुपए, अवैध मीट शॉप के 2 मामलों में 10,000 रुपए, खुले में पेशाब करने के 2 मामलों में 1,000 रुपए, नाली में पशुओं का गोबर बहाने से संबंधित 3 मामलों में 15,000 रुपए तथा बल्क वेस्ट की लिटरिंग/डंपिंग के एक मामले में 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।

नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्राथमिकता: निगमायुक्त

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए केवल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों, दुकानदारों, निर्माण एजेंसियों और संस्थानों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना भी आवश्यक है। कूड़ा जलाने, पॉलीथिन के इस्तेमाल, धूल नियंत्रण के नियमों की अनदेखी और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नियमित निरीक्षण करें, उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करें और जुर्माना लगाने के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी करें।

निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, पॉलीथिन का इस्तेमाल न करें, निर्माण सामग्री को ढककर रखें, धूल उड़ने से रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव करें और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें