अगले मानसून से पहले जल निकायों के निर्माण के निर्देश, पार्कों में वर्षा जल संचयन और भूजल रिचार्ज की भी होगी व्यवस्था

गुरुग्राम, 25 नवंबर। हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार श्री डी.एस. ढेसी ने गुरुग्राम में हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) द्वारा विकसित किए जा रहे 247 एकड़ क्षेत्र के सिटी लेवल पार्कों एवं खुले स्थानों की विकास योजना में जल संरक्षण, वर्षा जल प्रबंधन और जलभराव की समस्या से निपटने के प्रभावी उपाय शामिल करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री ढेसी ने कहा कि शहर में पार्कों और हरित क्षेत्रों का विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इन्हें जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा देने वाले केंद्रों के रूप में भी विकसित किया जाना चाहिए।
बैठक में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दुष्मंत कुमार बेहेरा, एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक श्री विनय प्रताप सिंह जीएमडीए के मुख्य नगर योजनाकार श्री संजीव मान सहित जीएमडीए और एचएसआईआईडीसी के वरिष्ठ अधिकारी तथा एजेंसी निप्पॉन कोई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष रूप से पार्कों एवं खुले स्थानों की विकास योजना में जलाशयों और जल संचयन तालाबों के निर्माण पर जोर दिया गया। इन जल निकायों के माध्यम से मानसून के दौरान बरसाती पानी को एकत्रित एवं संग्रहित किया जा सकेगा, जिससे शहर में जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
श्री ढेसी ने एचएसआईआईडीसी को निर्देश दिए गए कि परियोजना की योजना में पर्याप्त संख्या में जलाशयों एवं जल संचयन संरचनाओं का प्रावधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने जीएमडीए और एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आगामी मानसून से पहले प्रस्तावित जल निकायों का निर्माण पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
उन्होंने पार्कों और खुले स्थानों में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) की संरचनाएं विकसित करने के भी निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का सदुपयोग हो सके और भूजल स्तर को बढ़ाने में सहायता मिले।
बैठक में निप्पॉन कोई के प्रतिनिधियों ने बताया कि 247 एकड़ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विस्तृत योजना तैयार की जा रही है।
श्री ढेसी ने कहा कि गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में हरित क्षेत्रों का सुनियोजित विकास समय की आवश्यकता है। पार्कों में बेहतर लैंडस्केपिंग के साथ-साथ जल संरक्षण और वर्षा जल प्रबंधन की व्यवस्थाएं विकसित करने से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मानसून के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से निपटने में भी शहर की क्षमता मजबूत होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के क्रियान्वयन में जल संरक्षण और सतत शहरी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।









