सेक्टर चार के सामुदायिक भवन में सुबह 11 बजे जुटेंगे सदस्य, तीर्थयात्रा पर भी होगी चर्चा
गुरुग्राम, 25 नवंबर। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम शाखा शनिवार, 28 नवंबर को सेक्टर चार के सामुदायिक भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेगी। सुबह 11 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में सदस्य कविताएं और चुटकुले सुनाएंगे, गीत और भजन गाएंगे तथा अपने विचार साझा करेंगे। जिन सदस्यों का उस दिन जन्मदिन है, उनका जन्मदिन भी मिलकर मनाया जाएगा।
क्लब की कार्यसमिति ने बुधवार को आईडीसी-72 स्थित कार्यालय में प्रधान धर्मसागर की अध्यक्षता में माह के चौथे शनिवार के कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की। शाखा के सह-प्रमुख एवं मंच संचालक डी. एन. कवातरा ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई।
धर्मसागर ने कहा कि शनिवार को सदस्यों की राय लेकर किसी धार्मिक स्थल की यात्रा की योजना भी बनाई जाएगी। लाजपतराय चानना ने वरिष्ठ सदस्यों के लिए तीर्थयात्रा आयोजित करने पर जोर दिया। एच. एस. चावला ने भी अपने विचार रखे। बैठक में शीतल चावला, एम. आर. कुमार, चैतन दास ग्रोवर, एस. के. गाबा और रमेश वशिष्ठ उपस्थित रहे।









