72 पदक विजेताओं की इनामी राशि, 840 खिलाड़ियों का भत्ता अटकना सरकार की खेल नीति पर सवाल, 620 खिलाड़ियों को अब तक नहीं मिली खेल किट
चंडीगढ़, 25 नवंबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, कार्यसमिति की सदस्य कुमारी सैलजा ने हरियाणा में खिलाड़ियों को समय पर पुरस्कार राशि, खेल किट और यात्रा भत्ता नहीं मिलने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार खिलाड़ियों के सम्मान में बड़ी-बड़ी घोषणाएं तो करती है, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू करने में गंभीरता नहीं दिखाती। केवल घोषणाओं से खिलाड़ियों का सम्मान नहीं होता, इसके लिए उन्हें समय पर उनका हक देना जरूरी है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि रोहतक में आयोजित अंडर-14 राज्य स्तरीय स्कूली योग एवं हॉकी प्रतियोगिताओं के डेढ़ माह बाद भी 72 पदक विजेताओं को पुरस्कार राशि नहीं मिली है। वहीं, करीब 840 खिलाड़ियों का यात्रा एवं दैनिक भत्ता अटका हुआ है तथा 620 खिलाड़ी अभी तक खेल किट का इंतजार कर रहे हैं। प्रतियोगिता से पहले मिलने वाली खेल किट के लिए अब टेंडर प्रक्रिया अपनाया जाना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा के अनेक खिलाड़ी अपने व्यक्तिगत प्रयासों, अभिभावकों की मेहनत और सीमित संसाधनों के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाते हैं। अनेक गांवों में ग्रामीण और ग्राम पंचायतें मिलकर खिलाड़ियों की तैयारी में आर्थिक एवं अन्य सहयोग करती हैं। इसके बावजूद सरकार पदक जीतने के बाद घोषित पुरस्कार राशि भी समय पर उपलब्ध नहीं करवा पाती।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के अनेक खेल मैदानों और स्टेडियमों में गुणवत्तापूर्ण खेल उपकरण, प्रशिक्षक तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। सरकार को खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए जमीनी स्तर पर निवेश करना चाहिए।
सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की कि खिलाड़ियों की लंबित पुरस्कार राशि और भत्तों का तत्काल भुगतान किया जाए, खेल किट उपलब्ध करवाई जाए तथा प्रदेशभर के खेल मैदानों की स्थिति की समीक्षा कर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
नकली दवाओं का कारोबार जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़, सरकार उठाए कठोर कदम : सैलजा
कुमारी सैलजा ने गुरुग्राम में जब्त करीब 70 लाख रुपये के कथित नकली माउंजारो इंजेक्शन के सभी छह नमूने जांच में विफल पाए जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि निर्धारित 10 मिलीग्राम के मुकाबले अधिकतम 1.6 मिलीग्राम औषधि मिलना बेहद चिंताजनक है। जीवनरक्षक और उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की गुणवत्ता से समझौता किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। सरकार प्रदेशभर में दवाओं की नियमित जांच करवाए, नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करे तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे।









