गुरुग्राम, 13 नवंबर। जिला में हरियाणा सरकार की 14 विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे पात्र लाभार्थियों को जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान ने यह जानकारी देते हुए बताया कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा एवं निराश्रित महिला पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभाग की 14 विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ प्राप्त कर रहे पात्र लाभार्थियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की औपचारिकता से छूट प्राप्त है।
सरफराज खान ने बताया कि नवंबर माह में जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की अनिवार्यता हरियाणा सरकार के कोषागार एवं उप-कोषागार कार्यालयों से पेंशन प्राप्त कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए है। ऐसे पेंशनर अपने संबंधित खजाना अथवा उप-खजाना कार्यालय में 25 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा वे स्मार्टफोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र भी तैयार कर सकते हैं। बीमार एवं बुजुर्ग पेंशनर, जो कार्यालय जाने में असमर्थ हैं, वे इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधियों के माध्यम से घर बैठे यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि कोषागार एवं उप-कोषागार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली पेंशन तथा समाज कल्याण विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं अलग-अलग श्रेणियां हैं। इसलिए समाज कल्याण विभाग की 14 योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने के लिए परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।









