वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के सांस्कृतिक कार्यक्रम में झलका अपनापन, धर्मसागर ने स्वस्थ और प्रसन्न जीवन की कामना की


गुरुग्राम, 14 नवंबर। उम्र के ढलते पड़ाव में भी उत्साह, हास्य और आपसी स्नेह जीवन में नई ऊर्जा भर सकते हैं। शनिवार को सेक्टर चार स्थित सामुदायिक केंद्र में वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम इकाई के सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुछ ऐसा ही माहौल देखने को मिला। संस्था के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सदस्यों ने मिलकर खुशियां साझा कीं।

मंच संचालक डीएन कवातरा ने गायत्री मंत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। सदस्यों का स्वागत करते हुए धर्मसागर ने हास्य की पंक्तियों से माहौल में उल्लास भर दिया—“वीर तुम अड़े रहो, रजाई में पड़े रहो, ठंड ही ठंड है, यह बड़ी प्रचंड है।” साथियों के प्रति अपने स्नेह को उन्होंने इन पंक्तियों में व्यक्त किया—“जिंदगी से हर पल एक मौज मिली, कभी-कभी नहीं, हर रोज मिली। एक अच्छा दोस्त मांगा था जिंदगी से, पर मुझे तो यहां पूरी विद्वानों की फौज मिली।”
धर्मसागर ने कहा कि सदस्यों को एक साथ देखकर उन्हें बड़ी प्रसन्नता होती है। सभी ने दीपोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया है और यही कामना है कि खुशियों का यह सिलसिला बना रहे तथा सभी स्वस्थ और प्रसन्न रहें।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब ऐसा मंच है, जहां बार-बार आने का मन करता है। यहां सदस्य एक-दूसरे से मधुर व्यवहार करने के साथ जरूरत पड़ने पर सहयोग के लिए भी तत्पर रहते हैं। यही अपनापन इस मंच की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा, “जीवन के इस पड़ाव में भी आप सभी में नवयुवकों जैसी ऊर्जा देखकर लगता है कि जीवन में फिर से नई उमंग लौट आई है।”
कार्यक्रम में समाजसेवी एचएस चावला, शिकायत निवारण समिति के सदस्य रमेश वशिष्ठ, शशि अरोड़ा, विनोद बजाज, केबी शर्मा, एफसी चुघ, सीएस आहूजा, चेतनदास ग्रोवर, बलजीत राज उप्पल, मनमोहन, चंदर कुमार चौधरी, एमपी दुबे, कमलेश चावला, देवेंद्र, सुभाष चावला, मंशाराम, विजय भारद्वाज और महेश चंद सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।








