-दिल्ली की सीएम के साथ हरियाणा से मंत्री विपुल गोयल भी मुख्य अतिथि के रूप में रहे मौजूद
-समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक एवं संगठित करने के प्रयासों को मिला राष्ट्रीय सम्मान
-अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर दिल्ली में किया गया भव्य अग्र अलंकरण समारोह-2026

नई दिल्ली/गुरुग्राम। हरियाणा की राजनीति में क्षीण होते वैश्य समाज को एक संकल्प के साथ संगठित कर पुन: राजनीति के केन्द्र में लाने वाले अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला को प्रतिष्ठित महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से शनिवार को नई दिल्ली के जनपथ स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य अग्र अलंकरण समारोह-2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्रद्धेय गीता मनीषी महामंडलेश्वर ज्ञानानंद जी महाराज का पावन सानिध्य समारोह को प्राप्त हुआ। देशभर से पहुंचे वैश्य समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में अशोक बुवानीवाला को यह सम्मान प्रदान किया गया। अपने संबोधन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हरियाणा की धरती ने वैश्य समाज से राजनीति के अनेक धुरंधर नेता पैदा किए हैं। मेरा सौभाग्य है कि मैं स्वयं हरियाणा से हूं और अशोक बुवानीवाला भी हरियाणा से आते हैं। इसलिए उनके राजनीतिक, सामाजिक एवं संगठनात्मक प्रयासों को देखकर विशेष प्रसन्नता हुई है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में किसी भी समाज के लिए केवल सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि राजनीतिक रूप से जागरूक होना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना भी समय की आवश्यकता है।
मंत्री विपुल गोयल ने बुवानीवाला को बताया प्रेरणादायक
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि अशोक बुवानीवाला लंबे समय से समाज को एकजुट करने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। किसी भी समाज की प्रगति के लिए उसका संगठित होना जितना जरूरी है, उतना ही आवश्यक राजनीतिक रूप से जागरूक होना भी है। अशोक बुवानीवाला को मिला यह सम्मान उनके व्यक्तिगत प्रयासों के साथ-साथ समाज को संगठित और जागरूक बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का भी सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अशोक बुवानीवाला भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को इसी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।
अशोक बुवानीवाला बोले-यह मंजिल नहीं, नई शुरुआत है
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत अशोक बुवानीवाला ने अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अवार्ड उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से कहीं अधिक समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और संकल्प को और मजबूत करने वाला सम्मान है। उन्होंने कहा कि वे इस सम्मान को समाज के प्रत्येक उस व्यक्ति को समर्पित करते हैं, जो समाज की एकता, प्रगति और सम्मान के लिए नि:स्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है। बुवानीवाला ने संकल्प व्यक्त किया कि इस सम्मान से उन्हें समाजहित में और अधिक ऊर्जा, उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने की नई प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए मंजिल नहीं, बल्कि समाज के लिए और अधिक जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढऩे की नई शुरुआत है।
2009 में की थी अग्रवाल वैश्य समाज की स्थापना
अशोक बुवानीवाला लंबे समय से वैश्य समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक, संगठित और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसी उद्देश्य को धरातल पर साकार करने के लिए उन्होंने वर्ष 2009 में अग्रवाल वैश्य समाज नामक संगठन की स्थापना की। उनके नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के चलते आज यह संगठन हजारों सदस्यों के साथ हरियाणा प्रदेश के लगभग प्रत्येक वैश्य परिवार तक अपनी पहुंच बना चुका है। संगठन के माध्यम से उन्होंने समाज को शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ निकाय एवं पंचायत चुनावों से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनावों तक वैश्य समाज की प्रभावी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इसके अलावा अशोक बुवानीवाला देशभर की अनेक संस्थाओं के साथ जुडक़र अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए राजनीतिक और सामाजिक संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ समाजसेवा एवं धार्मिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।








